सत्ता से ज्यादा विचारधारा को तवज्जो, रोहित पवार के बयान ने बढ़ाई सियासी हलचल

Knews Desk – राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक और शरद पवार के पोते रोहित पवार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के जरिए अपनी राजनीतिक भूमिका को लेकर बड़ा संदेश दिया है। उन्होंने सत्ता के साथ जाने के बजाय विचारधारा के साथ खड़े रहने की बात कही है। उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब उन्होंने अजित पवार की मौत के मामले में अब तक जांच नहीं होने को लेकर सवाल उठाए हैं।

10 महीने बाद भी जांच नहीं होने का दावा
रोहित पवार ने अपनी पोस्ट में कहा कि अजित दादा को गए 10 महीने पूरे हो चुके हैं, लेकिन अब तक हादसे या साजिश के पहलू पर न तो एफआईआर दर्ज हुई है और न ही कोई जांच हुई है। उन्होंने कहा कि इतना बड़ा व्यक्तित्व दुनिया से चला गया, लेकिन घटना की जांच को लेकर किसी को चिंता नहीं है।

रोहित पवार ने कहा कि कई लोग सच से ज्यादा सत्ता को महत्व देते दिखाई दे रहे हैं। इसी संदर्भ में उन्होंने अपनी राजनीतिक भूमिका स्पष्ट करते हुए कहा कि वह सत्ता के बजाय विचारधारा के साथ खड़े रहेंगे।

2022 के राजनीतिक घटनाक्रम का भी किया जिक्र
रोहित पवार ने अपनी पोस्ट में 2022 के राजनीतिक घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि जब अजित पवार ने अलग रास्ता चुना था, तब उन्होंने रिश्तों को किनारे रखकर विचारधारा के पक्ष में लड़ाई लड़ी थी। उन्होंने कहा कि आज भी और भविष्य में भी उनकी यही भूमिका रहेगी।

रोहित पवार के बयान को मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों के संदर्भ में देखा जा रहा है। यदि भविष्य में एनसीपी शरदचंद्र पवार परिसीमन के मुद्दे पर एनडीए के साथ जाने या सत्ता पक्ष के साथ जुड़ने का फैसला करती है, तो उनकी यह पोस्ट अलग रुख का संकेत मानी जा सकती है। हालांकि, रोहित पवार ने एनडीए के साथ जाने की स्थिति में पार्टी छोड़ने या अलग राजनीतिक फैसला लेने की कोई स्पष्ट घोषणा नहीं की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *