KNEWS DESK- FSSAI की जांच में बिसलेरी के पानी के एक सैंपल में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया की मौजूदगी की पुष्टि हुई है। दो अलग-अलग लैब की जांच रिपोर्ट के बाद संबंधित बैच की बिक्री पर तत्काल रोक लगा दी गई है।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जुलाई 2026 में पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के गांव तेलीपाड़ा स्थित बिसलेरी प्लांट से पानी का सैंपल लिया था। प्राथमिक प्रयोगशाला में सैंपल फेल होने के बाद इसे रेफरल लैब भेजा गया, जहां जांच में भी कोलीफॉर्म बैक्टीरिया की मौजूदगी की पुष्टि हुई।
जांच रिपोर्ट के आधार पर 12 अगस्त 2026 को संबंधित बैच की बिक्री पर रोक लगा दी गई। साथ ही खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन को लेकर बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ अभियोजन की स्वीकृति भी जारी की गई है।
प्रभावित बैच का नंबर PB 201 है। इसकी निर्माण तिथि 20 जुलाई 2026 और एक्सपायरी डेट 19 जनवरी 2027 है। मामले के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने देशभर में अन्य पैकेज्ड वाटर ब्रांड्स के सैंपलों की भी जांच शुरू कर दी है। उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे बोतलबंद पानी खरीदने या पीने से पहले बैच नंबर और निर्माण तिथि जरूर जांचें। अगर किसी के पास बैच नंबर PB 201 और निर्माण तिथि 20.07.2026 वाली बिसलेरी की बोतल है, तो उसका सेवन न करें।