दिसंबर में मिलेंगे 3 फ्री गेम्स
इस साल का आखिरी महीना गेम लवर्स के लिए खास होने वाला है। Sony ने दिसंबर के लिए PlayStation Plus यानी PS Plus के मंथली गेम्स की लिस्ट जारी कर दी है। इस बार कंपनी ने गेमर्स के लिए एक्शन, स्पोर्ट्स और हॉरर का शानदार कॉम्बिनेशन तैयार किया है। दिसंबर की लिस्ट में Tony Hawk’s Pro Skater 3 + 4, Dragon Ball Xenoverse 2 और सर्वाइवल हॉरर गेम Amnesia: The Bunker शामिल हैं। तीनों गेम्स को यूजर्स 1 दिसंबर से डाउनलोड कर सकेंगे।
सबसे खास बात यह है कि इन गेम्स को खेलने के लिए यूजर्स को अलग से पैसे खर्च करने की जरूरत नहीं होगी। PS Plus के Essential, Extra और Deluxe-Premium तीनों प्लान वाले यूजर्स इन गेम्स को अपनी लाइब्रेरी में ऐड कर सकेंगे। दिसंबर की यह गेम्स लिस्ट 4 जनवरी तक उपलब्ध रहेगी। यानी यूजर्स के पास इन्हें अपनी लाइब्रेरी में शामिल करने के लिए लगभग एक महीने का समय होगा।
Tony Hawk’s Pro Skater 3 + 4 में स्केटबोर्डिंग का मजा
दिसंबर की लिस्ट में सबसे पहले Tony Hawk’s Pro Skater 3 + 4 का नाम आता है। यह पुराने Pro Skater 3 और Pro Skater 4 गेम का रीमेक कलेक्शन है। इसे Iron Galaxy ने डिजाइन किया है। गेम में पुराने वर्जन की तुलना में बेहतर ग्राफिक्स और गेमप्ले में कई बदलाव देखने को मिलते हैं।
इस गेम में खिलाड़ियों को अलग-अलग जगहों पर स्केटबोर्डिंग करनी होगी। इस दौरान तरह-तरह के ट्रिक्स दिखाकर पॉइंट्स हासिल करने होंगे और अलग-अलग टास्क पूरे करने होंगे। गेम में पुराने वर्जन का टच बरकरार रखा गया है, लेकिन इसे नए जमाने के हिसाब से एडवांस बनाया गया है। यह गेम PS4 और PS5 दोनों पर उपलब्ध होगा।
Dragon Ball Xenoverse 2 में अपने कैरेक्टर के साथ होगी फाइट
अगर आप Dragon Ball एनीमे के फैन हैं, तो Dragon Ball Xenoverse 2 आपके लिए खास गेम साबित हो सकता है। इसमें खिलाड़ी अपना खुद का कैरेक्टर तैयार कर सकते हैं और एनीमे के मशहूर किरदारों के साथ लड़ाई में शामिल हो सकते हैं।
गेम में कैरेक्टर के लुक से लेकर उसकी ताकत और लड़ने के तरीके तक को अपनी पसंद के मुताबिक बदला जा सकता है। इसके अलावा इसमें Conton City नाम की एक जगह भी है, जहां खिलाड़ी घूम सकते हैं। यह गेम PS4 और PS5 दोनों यूजर्स के लिए उपलब्ध रहेगा।
Amnesia: The Bunker में मिलेगा हॉरर और सर्वाइवल का एक्सपीरियंस
दिसंबर की लिस्ट में तीसरा नाम Amnesia: The Bunker का है। यह Frictional Games का सर्वाइवल हॉरर गेम है। इसकी कहानी प्रथम विश्व युद्ध के दौरान की है। इसमें खिलाड़ी को एक फ्रांसीसी सैनिक की भूमिका निभानी होती है, जिसे खतरों से भरे बंकर से बाहर निकलने का रास्ता खोजना होता है।
गेम में खिलाड़ियों को जरूरी सामान जुटाने, उपलब्ध संसाधनों का इस्तेमाल करने और बंकर में रोशनी बनाए रखने पर ध्यान देना होगा। यह गेम PS4 पर उपलब्ध होगा, जबकि PS5 यूजर्स इसे बैकवर्ड कम्पैटिबिलिटी की मदद से खेल सकेंगे।
30 नवंबर तक नवंबर के गेम्स लाइब्रेरी में जोड़ें
Sony के नवंबर महीने के गेम्स भी अभी PS Plus यूजर्स के लिए उपलब्ध हैं। इनमें Dead Island 2, Tomb Raider IV-VI Remastered और Monster Train 2 शामिल हैं। PS Plus मेंबर 30 नवंबर तक इन गेम्स को अपनी गेम लाइब्रेरी में ऐड कर सकते हैं।
इसके बाद दिसंबर की नई लिस्ट लागू हो जाएगी और यूजर्स को Tony Hawk’s Pro Skater 3 + 4, Dragon Ball Xenoverse 2 और Amnesia: The Bunker खेलने का मौका मिलेगा।