KNEWS DESK- मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी हो गई है और वह अपने पति ऋषिकेश के साथ विदा हो चुकी हैं। अब बेटी की विदाई के महज नौ दिन बाद अनंत सिंह को सुप्रीम कोर्ट के आदेश के मुताबिक सरेंडर करना होगा। दुलारचंद यादव हत्याकांड में जमानत रद्द होने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया है।
अनंत सिंह को पिछले साल अक्टूबर में हुई दुलारचंद यादव की हत्या की साजिश रचने के आरोप में पिछले साल एक नवंबर को गिरफ्तार किया गया था। पटना हाईकोर्ट ने इसी साल 19 मार्च को उन्हें जमानत दी थी। इसके बाद मृतक दुलारचंद यादव के पोते नीरज कुमार ने हाईकोर्ट के जमानत आदेश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की थी। न्यायमूर्ति एम.एम. सुंदरेश और न्यायमूर्ति प्रसन्ना बी. वराले की पीठ ने सुनवाई के दौरान अनंत सिंह को सरेंडर करने का आदेश दिया।
सुप्रीम कोर्ट ने बिहार पुलिस को इस मामले की जांच चार महीने के भीतर पूरी करने का भी निर्देश दिया है। साल 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान मोकामा में जन सुराज पार्टी के समर्थक दुलारचंद यादव की हत्या हुई थी। उस समय जेडीयू के टिकट पर चुनाव लड़ रहे अनंत सिंह और जन सुराज उम्मीदवार पीयूष प्रियदर्शी के प्रचार काफिले आमने-सामने आ गए थे, जिसके बाद समर्थकों के बीच हिंसा भड़क गई थी। आरोप है कि इसके बाद दुलारचंद यादव को एक एसयूवी ने कुचल दिया था। परिजनों ने गोली मारने का आरोप भी लगाया था।
वहीं, अनंत सिंह को अपनी विधायकी बचाने के लिए भी विधानसभा सचिवालय के नोटिस का जवाब देना होगा। जेडीयू से निष्कासन के बाद उनकी विधानसभा सदस्यता रद्द करने की मांग की गई थी। इसके बाद विधानसभा सचिवालय ने उन्हें नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। शुरुआत में सात दिन का समय दिया गया था, लेकिन अनंत सिंह ने बेटी की शादी का हवाला देते हुए जवाब देने के लिए मोहलत मांगी थी।
अब उनकी यह मोहलत 30 नवंबर को खत्म हो रही है। ऐसे में माना जा रहा है कि अगले दो-तीन दिनों में कानूनी जानकारों और वकीलों से राय लेने के बाद अनंत सिंह विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार को अपना पक्ष सौंप सकते हैं। जेडीयू ने एमएलसी चुनाव में पार्टी उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ बोलने और जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार का प्रचार करने को आधार बनाकर उनकी विधायकी खत्म करने की मांग की है।
अनंत सिंह ने बेटी की शादी में यूपी के बीजेपी विधायक सुशील सिंह से अनौपचारिक बातचीत में निर्दलीय चुनाव लड़ने पर ज्यादा वोट मिलने की बात कही थी। इससे उनकी विधानसभा सदस्यता को लेकर संभावित उपचुनाव की आशंका भी चर्चा में है।