अमिताभ बच्चन को फिर मिली धमकी, जलसा और BMC मुख्यालय को बम से उड़ाने की धमकी

KNEWS DESK- बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन को एक बार फिर धमकी मिलने का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े के कार्यालय को एक धमकी भरा ईमेल मिला, जिसमें मुंबई महानगरपालिका यानी BMC मुख्यालय और अमिताभ बच्चन के बंगले जलसा को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं।

BMC कार्यालय पहुंची BDDS टीम

धमकी भरे ईमेल की जानकारी मिलने के बाद बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड यानी BDDS की टीम BMC कार्यालय पहुंची। टीम ने कार्यालय और परिसर की जांच शुरू कर दी। वहीं, अमिताभ बच्चन की सुरक्षा को लेकर भी मुंबई पुलिस सतर्क हो गई है।

अमिताभ बच्चन को इससे पहले भी कुछ महीनों के भीतर दो बार धमकी मिल चुकी है। पहली धमकी के दौरान भी उनके बंगले जलसा को निशाना बनाने की बात सामने आई थी। इसके बाद पुलिस ने उनकी सुरक्षा बढ़ाई थी।

अभिषेक बच्चन को भी मिल चुकी है धमकी

इससे पहले अमिताभ बच्चन के साथ उनके बेटे अभिषेक बच्चन को भी धमकी दी गई थी। उस मामले में गोल्डी ढिल्लों के नाम से एक सोशल मीडिया पोस्ट सामने आई थी, जिसमें दोनों को जान से मारने की धमकी दी गई थी। इसके बाद अमिताभ बच्चन की सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती गई।

अमिताभ बच्चन हर रविवार अपने बंगले जलसा के बाहर प्रशंसकों से मुलाकात करते हैं। धमकियों के बीच एक रविवार को उन्हें ग्लास शील्ड के पीछे देखा गया था। इसे बुलेटप्रूफ केबिन बताया गया था। उस दौरान अभिषेक बच्चन भी उनके साथ नजर आए थे।

जलसा के बाहर सुरक्षा बढ़ाई गई

मुंबई पुलिस ने फिल्मी सितारों की सुरक्षा की समीक्षा के बाद अमिताभ बच्चन की सुरक्षा में भी बदलाव किए हैं। जलसा के बाहर सुरक्षा गार्डों के साथ मुंबई पुलिस के हथियारबंद जवानों की तैनाती की गई है। अतिरिक्त बैरिकेडिंग के साथ आसपास के इलाकों पर नजर रखने के लिए हाई-रेजोल्यूशन CCTV कैमरे भी लगाए गए हैं।

सुरक्षा के मद्देनजर जलसा के आसपास पार्किंग को लेकर भी सख्ती की गई है। प्रतिबंधित क्षेत्र में गैर-जरूरी आवाजाही और फोटो-वीडियो बनाने पर भी पाबंदी लगाई गई है। फिलहाल धमकी भरे ईमेल की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *