‘अब्दुल अब सिर्फ दरी नहीं बिछाएगा, नेता बनेगा’, लखनऊ में ओवैसी का अखिलेश यादव पर निशाना

KNEWS DESK- लखनऊ में AIMIM अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। ‘बहुजन स्वराज संकल्प रैली’ को संबोधित करते हुए ओवैसी ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में दलित और मुसलमान परेशान हैं तो इसकी वजह अखिलेश यादव हैं। उन्होंने सपा की मुस्लिम राजनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि अखिलेश यादव मुसलमानों का वोट तो हासिल करते हैं, लेकिन उन्हें सिर्फ दरी बिछाने के काम तक सीमित रखते हैं। ओवैसी ने कहा कि अब ‘अब्दुल’ सिर्फ वोटर नहीं बनेगा, बल्कि अपना हिस्सा लेगा और नेता बनेगा।

चंद्रशेखर आजाद को CM बनाने की अपील

ओवैसी ने दावा किया कि मुस्लिम समाज अपने वोट की ताकत से चंद्रशेखर आजाद को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाएगा। उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री बनना पड़ेगा, तभी जुल्म को रोका जा सकेगा। उन्होंने सामाजिक परिवर्तन मोर्चा का साथ देने की अपील भी की।

ओवैसी ने कहा कि अब्दुल केवल दरी बिछाने वाला नहीं रहेगा। उन्होंने मुस्लिम समाज से अपने राजनीतिक हिस्से की मांग करने और नेतृत्व की भूमिका में आने की अपील की।

करहल से मुस्लिम उम्मीदवार उतारने की चुनौती

रैली में ओवैसी ने अखिलेश यादव को करहल से किसी मुस्लिम उम्मीदवार को टिकट देने की चुनौती दी। उन्होंने मुजफ्फरनगर दंगों का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव से उनके कार्यकाल का हिसाब मांगने की बात कही। ओवैसी ने आरोप लगाया कि जब मुजफ्फरनगर में बच्चे ठंड में परेशान थे, तब अखिलेश यादव कहां थे।

‘स्वराज’ को लेकर क्या बोले ओवैसी

ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद के परिवार से मुलाकात का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि वह चंद्रशेखर आजाद के घर गए, उनकी मां से मिले और उनका आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि वह उस घर को अपना घर समझते हैं।

रैली में संविधान और स्वराज के मुद्दे पर ओवैसी ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर लिखकर गए हैं कि देश संविधान से चलेगा। उन्होंने कहा कि स्वराज का मतलब न हिंदू राष्ट्र है, न ठाकुर राज और न यादव राज। गठबंधन को लेकर उन्होंने कहा कि यह सिर्फ हाथ मिलाने का मिलन नहीं, बल्कि दिलों का मिलन है।

एनकाउंटर और मॉब लिंचिंग के आंकड़ों का किया जिक्र

ओवैसी ने अपने भाषण में उत्तर प्रदेश में एनकाउंटर, गिरफ्तारी और मॉब लिंचिंग की घटनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि मार्च 2017 से अक्टूबर 2026 तक प्रदेश में 316 लोग एनकाउंटर में मारे गए, जिनमें 110 मुसलमान थे। उन्होंने 105 मुसलमानों के हाफ एनकाउंटर का भी दावा किया।

उन्होंने अगस्त-सितंबर के दौरान 152 लोगों की हिरासत और गिरफ्तारी का जिक्र किया। साथ ही दावा किया कि सितंबर 2026 में मॉब लिंचिंग की घटनाओं में 14 लोगों पर हमले हुए।

मदरसों और दरगाहों पर कार्रवाई का आरोप

ओवैसी ने नेपाल सीमा से सटे उत्तर प्रदेश के जिलों में मदरसों, दरगाहों और ईदगाहों पर कार्रवाई का आरोप लगाया। उन्होंने श्रावस्ती, बहराइच, सिद्धार्थनगर और महाराजगंज का नाम लेते हुए दावा किया कि इन जिलों में साढ़े तीन सौ से ज्यादा मदरसों, दरगाहों और ईदगाहों को तोड़ा या सील किया गया। उन्होंने सिद्धार्थनगर में 104 मदरसों और एक मस्जिद को तोड़े जाने का भी दावा किया।

योगी और अखिलेश पर भी साधा निशाना

ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री बनाने की अपील दोहराते हुए कहा कि अब उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री का चेहरा बदलना चाहिए। उन्होंने योगी आदित्यनाथ पर नफरत की राजनीति करने का आरोप लगाया और अखिलेश यादव पर परिवारवाद को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव बात लोहिया की करते हैं, लेकिन काम खानदान का करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *