स्वास्थ्य मंत्री निशांत का बड़ा एक्शन, ड्यूटी से गायब 11 डॉक्टरों की गई सरकारी नौकरी

KNEWS DESK- बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने लंबे समय से अनधिकृत रूप से ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले 11 चिकित्सकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बिहार कैबिनेट की बैठक में इन चिकित्सकों को सरकारी सेवा से बर्खास्त करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। विभाग ने यह कदम सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं में कर्तव्यनिष्ठा और अनुशासन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया है।

विभागीय जांच के बाद हुई कार्रवाई

स्वास्थ्य विभाग को संबंधित जिलों के सिविल सर्जनों से चिकित्सकों की लगातार अनुपस्थिति को लेकर रिपोर्ट मिली थी। इसके आधार पर सभी मामलों में विभागीय कार्यवाही शुरू की गई। जांच के दौरान चिकित्सकों पर लगाए गए आरोप प्रमाणित पाए गए। इसके बाद उन्हें द्वितीय कारण-पृच्छा के माध्यम से अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया, लेकिन उनका जवाब प्राप्त नहीं हुआ। इसके बाद विभाग ने बर्खास्तगी की कार्रवाई की।

बर्खास्त किए गए चिकित्सकों में डॉ. अनामिका कुमारी, डॉ. राकेश कुमार निराला, डॉ. सिद्धार्थ कुमार सुमित, डॉ. गोपीनाथ भगत, डॉ. अमित कुमार, डॉ. रवि रंजन, डॉ. मो. शहनवाज कौसर, डॉ. सुमित कुमार, डॉ. प्रसून विवाकर, डॉ. रेखा कुमारी और डॉ. अरुण कुमार शामिल हैं।

स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने दिया सख्त संदेश

स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने कहा कि चिकित्सक का पेशा केवल नौकरी नहीं, बल्कि मानव सेवा का संकल्प है। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों से पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की अपेक्षा की जाती है।

मंत्री ने कहा कि लंबे समय तक बिना अनुमति कार्यस्थल से अनुपस्थित रहना गंभीर विषय है। इससे सरकारी स्वास्थ्य सेवाएं और आम नागरिकों को मिलने वाली चिकित्सा सुविधाएं प्रभावित होती हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कर्तव्य के प्रति लापरवाही और अनुशासनहीनता को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं, समर्पित और कर्तव्यनिष्ठ चिकित्सकों को विभाग प्रोत्साहित और सम्मानित करेगा। बिहार सरकार का लक्ष्य राज्य के प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *