Knews Desk – उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक की बेटी और अभिनेत्री आरुषि निशंक और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के लिंकअप की खबरें इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई हैं। दोनों की शादी की अफवाहें काफी समय से सोशल मीडिया पर चल रही हैं। अब आरुषि निशंक ने इन खबरों पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए इन्हें पूरी तरह निराधार बताया है।
दरअसल, 2024 में चिराग पासवान के साथ आरुषि निशंक की एक तस्वीर वायरल हुई थी, जिसमें दोनों साथ बैठे नजर आ रहे थे। यह तस्वीर चिराग के आवास की थी। आरुषि चिराग के लिए एक किताब बतौर गिफ्ट लेकर गई थीं, लेकिन सोशल मीडिया यूजर्स ने उस किताब को शादी का कार्ड समझ लिया और दोनों की शादी की अटकलें लगाने लगे।
अभिनेत्री आरुषि निशंक ने अब इस पूरे मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ी है। एक समाचार एजेंसी से बातचीत में आरुषि ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा, ‘मैं ट्रोल मैटेरियल हूं, मुझे कभी भी ट्रोल किया जा सकता है।’ उन्होंने चिराग पासवान को अपना अच्छा दोस्त बताया। आरुषि ने कहा, ‘चिराग मेरे बहुत अच्छे दोस्त हैं और वो अपने क्षेत्र में बहुत अच्छा काम कर रहे हैं।’
किताब को शादी का कार्ड समझ लिया
आरुषि ने आगे स्पष्ट किया कि वह चिराग को बधाई देने और उन्हें एक किताब भेंट करने गई थीं, लेकिन लोगों ने उसे शादी का कार्ड समझ लिया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में होने के ऐसे छोटे-बड़े नुकसान तो होते ही हैं, लेकिन जनता के अपार प्यार के सामने वह ऐसी गलतफहमियों को गंभीरता से नहीं लेतीं।
धीरेंद्र शास्त्री से मुलाकात पर भी की बात
इसके अलावा, आरुषि निशंक ने सितंबर में बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र शास्त्री के साथ हुई मुलाकात का भी जिक्र किया और उस दौरान मिली आलोचनाओं पर दुख व्यक्त किया। इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर पोस्ट करने के बाद मिली नकारात्मक टिप्पणियों पर उन्होंने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री एक संत हैं और उनके बारे में इस तरह से भद्दी बातें करना उचित नहीं है।
आरुषि ने कहा, ‘मैं बागेश्वर धाम जी से भी मिली थी। वो हमारे महाराज जी हैं। उसमें भी लोगों ने खराब कमेंट किए थे।’ उन्होंने कहा कि मन दुखी इसलिए हुआ क्योंकि वो एक संत आदमी हैं। इस तरह की बातें बोलना ठीक नहीं है।
आरुषि निशंक का करियर
आरुषि निशंक के करियर की बात करें तो वो एक बहुमुखी प्रतिभा की धनी अभिनेत्री हैं। एक सफल अभिनेत्री होने के साथ-साथ वो निर्माता, कथक नृत्यांगना और TEDx स्पीकर भी हैं। वो कई म्यूजिक वीडियोज में काम कर चुकी हैं। जुबिन नौटियाल के सुपरहिट गाने ‘वफा ना रास आई’ से उन्हें विशेष लोकप्रियता मिली।
इसके अलावा, उन्होंने ‘लाइफ हिल गई’ और ‘मेजर निराला’ जैसी फिल्मों का निर्माण भी किया है। अपनी खूबसूरती और काम के दम पर सोशल मीडिया पर उनके प्रशंसकों की संख्या काफी ज्यादा है।