KNEWS DESK– दिल्ली दंगों से जुड़े बड़ी साजिश के मामले में उमर खालिद और शरजील इमाम को सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं मिली है। अदालत ने दोनों की अंतरिम जमानत पर फिलहाल विचार करने से इनकार कर दिया। चीफ जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली बेंच ने कहा कि पहले दिल्ली पुलिस का पक्ष सुना जाएगा। कोर्ट ने पुलिस को नोटिस भी जारी किया है।
कपिल सिब्बल ने मांगी अंतरिम राहत
उमर खालिद की ओर से वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने अंतरिम जमानत की मांग की। उन्होंने कहा कि खालिद छह साल से अधिक समय से हिरासत में है। इस पर अदालत ने कहा कि पहले दूसरे पक्ष को जवाब देने का मौका दिया जाए।
तीन जजों की बेंच करेगी सुनवाई
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि मामले की सुनवाई के लिए तीन जजों की बेंच गठित की जानी है। शरजील इमाम की ओर से पेश वकील सिद्धार्थ दवे ने आपत्ति जताई। CJI सूर्यकांत ने कहा कि अलग-अलग विचारों के टकराव को देखते हुए मामले पर गहराई से विचार करना होगा।
एक साल की रोक जल्द हो रही खत्म
बता दें कि 5 जनवरी 2026 को जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस एनवी अंजारिया की बेंच ने दोनों को जमानत देने से इनकार किया था। इसी मामले में गुलफिशा फातिमा समेत पांच अन्य आरोपियों को जमानत दी गई थी। अदालत ने एक साल तक जमानत न देने की शर्त लगाई थी। याचिकाकर्ताओं ने दलील दी कि यह अवधि जल्द खत्म होने वाली है और लंबे समय से हिरासत में रहने के कारण उन्हें राहत दी जानी चाहिए। कोर्ट ने फिलहाल दिल्ली पुलिस का पक्ष सुनने का फैसला किया है।