KNEWS DESK– कानपुर में सोमवार रात सैंडविच दुकानदार और दरोगा के बीच तीखी बहस हो गई। दुकानदार ने फूलबाग चौकी प्रभारी पर वसूली का आरोप लगाया, जबकि दरोगा ने उसे मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामला फीलखाना थाना क्षेत्र का है।
दुकानदार ने लगाया वसूली का आरोप
कार्तिक त्रिपाठी की फूलबाग में बमबम सैंडविच के नाम से दुकान है। कार्तिक के मुताबिक, सोमवार रात दुकान पर लोगों की भीड़ जुटी थी। इसी दौरान चौकी प्रभारी विनोद कुमार पुलिसकर्मियों के साथ वहां पहुंचे और दुकान को लेकर उससे बहस करने लगे।
कार्तिक का आरोप है कि चौकी प्रभारी काफी समय से उससे रुपये मांग रहे हैं। पैसे नहीं देने पर दुकान हटवाने की धमकी दी जा रही है। सोमवार रात भी इसी बात को लेकर विवाद हुआ। दुकानदार का कहना है कि उसके पास खाद्य विभाग का लाइसेंस है और दुकान पर बिजली का मीटर भी लगा है। नगर निगम से भी बातचीत हो चुकी है और उसे दुकान लगाने की अनुमति मिली है।
वायरल वीडियो में हाथ जोड़ता और पैर छूता दिखा दुकानदार
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी दुकानदार को दुकान हटाने की हिदायत देते नजर आ रहे हैं। वहीं, कार्तिक खुद को गरीब बताते हुए दुकान न हटाने की गुहार लगाता दिखाई दे रहा है। वीडियो में वह पुलिसकर्मी के सामने हाथ जोड़ता और पैर छूता भी नजर आ रहा है।
दुकानदार का दावा है कि उसके पास पूरे घटनाक्रम की रिकॉर्डिंग है। उसका कहना है कि अगर दुकान हटानी है तो पुलिस हटा दे, लेकिन वह खुद दुकान नहीं हटाएगा।
पुलिस ने देर रात दुकान खोलने से मना करने की बात कही
ACP कोतवाली अमित कुमार पांडेय ने बताया कि सोमवार देर रात बमबम सैंडविच की दुकान के पास लोगों का जमावड़ा लगा था। पुलिस गश्त के दौरान चौकी प्रभारी वहां पहुंचे थे। उन्होंने दुकानदार को देर रात तक दुकान खोलने से मना किया था।
ACP ने कहा कि दुकानदार द्वारा लगाए गए वसूली के आरोपों की जांच कराई जा रही है। मामले को तोड़-मरोड़कर पेश किए जाने की बात भी सामने आई है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शिकायत लेकर पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचा दुकानदार
मंगलवार को कार्तिक शिकायत लेकर पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचा, लेकिन उसकी मुलाकात अधिकारियों से नहीं हो सकी। इसके बाद अधिकारियों ने वायरल वीडियो का संज्ञान लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। अब जांच के बाद ही दोनों पक्षों के आरोपों की स्थिति स्पष्ट होगी।