WhatsApp Web यूजर्स सावधान! गृह मंत्रालय के I4C ने जारी किया अलर्ट, दूसरे कंप्यूटर पर लॉगिन करना पड़ सकता है भारी

KNEWS DESK-ऑफिस, साइबर कैफे या किसी दूसरे व्यक्ति के कंप्यूटर पर WhatsApp Web इस्तेमाल करने वाले यूजर्स के लिए गृह मंत्रालय के तहत काम करने वाले इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) ने चेतावनी जारी की है। I4C ने यूजर्स को सलाह दी है कि किसी अनजान या सार्वजनिक कंप्यूटर पर WhatsApp Web लॉगिन करने से बचें और इस्तेमाल के बाद अकाउंट को मैन्युअली लॉगआउट जरूर करें।

आज के समय में कंप्यूटर और लैपटॉप पर WhatsApp Web का इस्तेमाल आम हो गया है। ऑफिस के काम, जरूरी मैसेज और फाइल शेयर करने के लिए बड़ी संख्या में लोग इसे इस्तेमाल करते हैं। हालांकि, दूसरे के सिस्टम पर WhatsApp Web लॉगिन करके उसे खुला छोड़ देना आपकी प्राइवेसी और अकाउंट की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है।

WhatsApp Web का लॉगिन सेशन क्यों है खतरनाक?

I4C की नेशनल साइबर क्राइम थ्रेट एनालिटिक्स यूनिट (NCTAU) के अनुसार, WhatsApp Web का पहले से लॉगिन सेशन साइबर अपराधियों के लिए जोखिम पैदा कर सकता है। अगर किसी दूसरे व्यक्ति को ऐसे सिस्टम तक पहुंच मिल जाती है, तो वह आपके WhatsApp अकाउंट का गलत इस्तेमाल कर सकता है।

ऐसी स्थिति में आपके निजी मैसेज पढ़े जा सकते हैं और आपकी ओर से दूसरे लोगों को मैसेज भी भेजे जा सकते हैं। साइबर अपराधी आपकी पहचान का इस्तेमाल करके दोस्तों, रिश्तेदारों या दूसरे संपर्कों से पैसों की मांग कर सकते हैं। इससे आपके नाम पर साइबर ठगी होने का खतरा बढ़ जाता है।

किन जगहों पर WhatsApp Web इस्तेमाल करने से बचें?

I4C की एडवाइजरी में WhatsApp Web यूजर्स को साइबर कैफे, होटल के बिजनेस सेंटर या किसी अनजान व्यक्ति के कंप्यूटर पर अपना अकाउंट लॉगिन करने से बचने की सलाह दी गई है।

खास तौर पर सरकारी, संगठन से जुड़ी, वित्तीय या दूसरी संवेदनशील जानकारी WhatsApp Web के जरिए ऐसे कंप्यूटर पर शेयर नहीं करनी चाहिए। अगर किसी जरूरी काम के लिए दूसरे कंप्यूटर पर WhatsApp Web इस्तेमाल करना पड़े, तो भरोसेमंद सिस्टम पर Incognito या Private Browsing मोड का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।

काम पूरा होने के बाद WhatsApp Web से तुरंत लॉगआउट करना भी जरूरी है।

सिर्फ ब्राउजर का टैब बंद करना पर्याप्त नहीं

WhatsApp Web इस्तेमाल करने के बाद सिर्फ ब्राउजर की विंडो या टैब बंद कर देना पर्याप्त नहीं है। इससे जरूरी नहीं कि WhatsApp Web का लॉगिन सेशन खत्म हो जाए। इसलिए हर बार इस्तेमाल के बाद अकाउंट को मैन्युअली लॉगआउट करना चाहिए।

इसके साथ ही कंप्यूटर का ऑपरेटिंग सिस्टम, ब्राउजर और सिक्योरिटी सॉफ्टवेयर अपडेट रखना चाहिए। अनजान फाइल, संदिग्ध डाउनलोड और क्रैक सॉफ्टवेयर से भी दूरी बनाए रखना जरूरी है।

WhatsApp अकाउंट में ये संकेत दिखें तो तुरंत सावधान हो जाएं

अगर आपके WhatsApp अकाउंट से ऐसे मैसेज भेजे जा रहे हैं जिन्हें आपने खुद नहीं भेजा है या आपके संपर्कों को आपकी ओर से अजीब जवाब मिल रहे हैं, तो इसे नजरअंदाज न करें। यह अकाउंट के अनधिकृत इस्तेमाल का संकेत हो सकता है।

ऐसी स्थिति में अपने WhatsApp अकाउंट के लिंक्ड डिवाइसेज की जांच करें और किसी अनजान डिवाइस का सेशन तुरंत लॉगआउट करें। साथ ही अपने अकाउंट की सुरक्षा से जुड़े दूसरे जरूरी कदम भी उठाएं।

I4C ने संगठनों और WhatsApp Web यूजर्स को खास तौर पर उन ऑफिस कंप्यूटरों पर सावधानी बरतने की सलाह दी है जहां संवेदनशील जानकारी मौजूद रहती है। इससे पहले अगस्त में भी I4C ने WhatsApp के जरिए भेजी जा रही संदिग्ध फाइलों को लेकर अलर्ट जारी किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *