Knews Desk – 18 दिसंबर से 6 जनवरी तक पत्नी और बच्चों के साथ विदेश जा सकेंगे अकाली दल के वरिष्ठ नेता
विदेश से लौटने के बाद पासपोर्ट अदालत में जमा करना होगा, शर्त तोड़ने पर जब्त होगी गारंटी राशि
शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता और पंजाब के पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया को मोहाली की विशेष अदालत ने पत्नी और बच्चों के साथ विदेश जाने की सशर्त अनुमति दे दी है। अदालत के आदेश के मुताबिक मजीठिया 18 दिसंबर 2026 से 6 जनवरी 2027 तक विदेश यात्रा कर सकेंगे।
मजीठिया की विदेश यात्रा याचिका मंजूर
23 नवंबर 2026 को विशेष जज प्रशांत वर्मा की अदालत ने ड्रग मनी से कमाई गई और आय से अधिक संपत्ति के मामले में जमानत पर चल रहे मजीठिया की याचिका स्वीकार की। अदालत ने विदेश यात्रा की अनुमति देने के साथ कई शर्तें भी तय की हैं।
मजीठिया को 6 जनवरी 2027 या उससे पहले हर हाल में भारत लौटना होगा। अदालत ने स्पष्ट किया है कि मेडिकल इमरजेंसी को छोड़कर विदेश में रुकने की अवधि बढ़ाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
उन्हें मोहाली शहर के अधिकार क्षेत्र में आने वाले किसी बैंक से 30 लाख रुपये की बैंक गारंटी और इतनी ही राशि का इंडेम्निटी बॉन्ड एक जमानती के साथ जमा कराना होगा।
विदेश जाने से पहले मजीठिया को अपनी चल और अचल संपत्तियों, उनके स्थान और अनुमानित मूल्य का हलफनामा भी देना होगा। इसके अलावा विदेश में ठहरने का पूरा पता, सक्रिय मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और पासपोर्ट की स्वप्रमाणित प्रति अदालत में जमा करनी होगी।
शर्तों के साथ विदेश जाएंगे मजीठिया, उल्लंघन पर जब्त होगी गारंटी
सभी शर्तों के सत्यापन के बाद उनका पासपोर्ट अस्थायी रूप से जारी किया जाएगा। भारत लौटने के बाद उन्हें पासपोर्ट तुरंत अदालत में वापस जमा करना होगा।
अदालत ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी शर्त का उल्लंघन होता है तो बिना किसी अलग सुनवाई के बैंक गारंटी और इंडेम्निटी बॉन्ड की राशि राज्य सरकार के पक्ष में जब्त कर ली जाएगी।
पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने मजीठिया के यात्रा कार्यक्रम अधूरे होने का हवाला देते हुए उनकी अर्जी का विरोध किया था। वहीं, मजीठिया के वकीलों ने दलील दी कि मामले की जांच पूरी हो चुकी है, चार्जशीट दाखिल हो चुकी है और वह नियमित रूप से अदालत में पेश हो रहे हैं। इसके बाद अदालत ने उन्हें निर्धारित शर्तों के साथ विदेश जाने की अनुमति दे दी।