KNEWS DESK – अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच से जुड़े मामले में पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर का पॉलीग्राफ और नार्को-एनालिसिस टेस्ट गुजरात में होना है। राठौर सोमवार को गुजरात के लिए रवाना हुए। उन्होंने कहा कि वह सीबीआई के साथ पूरा सहयोग करेंगे और एजेंसी को जरूरी जानकारी देने के लिए तैयार हैं।
सुरेश राठौर ने बताया कि उन्हें सीबीआई की ओर से नोटिस मिला है। उन्होंने कहा कि वह अपना पक्ष रखने और जांच एजेंसी को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए तैयार हैं। राठौर ने कहा, “अंकिता भंडारी मेरी बेटी जैसी थी। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि मुझे इस मामले में सच बोलने की शक्ति दें।”
मंगलवार को सुरेश राठौर सीबीआई दफ्तर पहुंचेंगे। यहां सबसे पहले उनका मेडिकल टेस्ट होगा। इसके बाद नार्को-एनालिसिस टेस्ट की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। सीबीआई ने अंकिता भंडारी केस में एक वीआईपी की कथित भूमिका की जांच के लिए अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
मामला उस समय चर्चा में आया था, जब अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने कुछ ऑडियो क्लिप जारी किए थे। इन क्लिप्स में सुरेश राठौर के साथ बातचीत सुनाई देने का दावा किया गया था। ऑडियो क्लिप्स को लेकर हुए विवाद के बाद अंकिता भंडारी के माता-पिता की मांग पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीबीआई जांच की सिफारिश की थी।
सीबीआई ने उर्मिला सनावर और सुरेश राठौर दोनों को ऑडियो क्लिप के संबंध में नोटिस जारी किया था। उर्मिला सनावर का दावा है कि क्लिप में सुरेश राठौर के साथ उनकी बातचीत रिकॉर्ड है, जो हत्या के मामले में किसी शक्तिशाली व्यक्ति की भूमिका की ओर इशारा करती है।
बता दें कि ऋषिकेश के पास वंतारा रिसॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करने वाली 19 वर्षीय अंकिता भंडारी की 18 सितंबर 2022 को हत्या कर दी गई थी। इस मामले में रिसॉर्ट के मालिक पुलकित आर्य और उसके दो कर्मचारियों सौरभ भास्कर और अंकित गुप्ता को अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाई है।
पॉलीग्राफ और नार्को-एनालिसिस को ‘डिसेप्शन डिटेक्शन टेस्ट’ के तौर पर इस्तेमाल किया जाता है। इन परीक्षणों का उद्देश्य जांच के दौरान छिपी हुई जानकारी या तथ्यों से जुड़े संकेत हासिल करना होता है। हालांकि, इस तरह से प्राप्त जानकारी को ट्रायल के दौरान अपने आप में सबूत के तौर पर इस्तेमाल नहीं किया जा सकता।
उर्मिला सनावर का भी नार्को-एनालिसिस टेस्ट होना है। हालांकि, अभी उनकी जांच की तारीख तय नहीं हुई है। उनका टेस्ट भी गुजरात के गांधीनगर में ही होना है।