पंजाब में धीरेंद्र शास्त्री की कथा पर सियासी घमासान, AAP की रणनीति पर उठे सवाल

KNEWS DESK – पंजाब के पठानकोट में 22 से 24 नवंबर 2026 तक आयोजित बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की तीन दिवसीय ‘श्री हनुमंत कथा’ को लेकर विवाद शुरू हो गया है। इस पूरे कार्यक्रम का आयोजन सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र से आगामी चुनाव के लिए AAP उम्मीदवार और नेता स्वर्ण सिंह सलारिया द्वारा किया जा रहा है। ऐसे में 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से ठीक पहले सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी के नेता द्वारा इस भव्य धार्मिक आयोजन को कराने और इसमें पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को आमंत्रित करने को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चा छिड़ गई है।

इस कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के भी शामिल होने की चर्चा हो रही है। इसे आगामी विधानसभा चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। राजनीतिक हलकों में इस आयोजन को 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले हिंदू मतदाताओं को साधने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। वहीं, AAP नेताओं द्वारा धीरेंद्र शास्त्री का कार्यक्रम कराने को लेकर पार्टी की वैचारिक लाइन और धर्मनिरपेक्ष छवि पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।

हालांकि, इस पूरे मामले पर धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि राजनीतिक नेता क्या बोलते हैं और क्या नहीं, उससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने कहा कि वह धर्म का प्रचार करते हैं और धर्म परिवर्तन का विरोध करते हैं। समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव और पंजाब में अन्य नेताओं द्वारा उनके कार्यक्रम को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया दी।

AAP के सुजानपुर सीट से विधानसभा प्रत्याशी स्वर्ण सलारिया ने कहा कि यह पहले से तय एक धार्मिक कार्यक्रम है। उन्होंने कहा कि 24 नवंबर को होने वाले दिव्य दरबार में आम आदमी पार्टी की पंजाब की पूरी लीडरशिप के भी शामिल होने की संभावना है। हालांकि, कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक चर्चाओं के बीच पार्टी नेताओं की संभावित मौजूदगी को 2027 के चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है।

इस विवाद पर शिरोमणि अकाली दल के नेता और पार्टी के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट दिलजीत सिंह चीमा ने भी आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी ने इतने पाप कर रखे हैं कि अब कोई फर्क नहीं पड़ता कि वह किसी धार्मिक गुरु को यहां बुलाकर कौन सा धार्मिक कार्यक्रम करवाते हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता इनके झांसे में नहीं आने वाली है।

वहीं, पंजाब बीजेपी के नेताओं ने इस विवाद से किनारा कर लिया है। बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पंजाब के सीनियर नेता मनप्रीत बादल से जब इस मुद्दे को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने इस पूरे विवाद की जानकारी होने से ही इनकार कर दिया। मनप्रीत बादल ने कहा कि वह धर्म की राजनीति वाली नर्सरी में नहीं पढ़े हैं।

पंजाब कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष और सीनियर नेता पूर्व मंत्री राजकुमार वेरका ने भी इस मामले पर AAP पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री यूपी में जाते हैं तो बीजेपी का प्रचार करते हैं और पंजाब में आते हैं तो आम आदमी पार्टी का प्रचार करते हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब में नफरत नहीं चलेगी और यह बाबा नानक की धरती है। राजकुमार वेरका ने धीरेंद्र शास्त्री से धर्म का प्रचार करने की अपील की।

दरअसल, पठानकोट से पहले पंजाब के लुधियाना में भी धीरेंद्र शास्त्री की हनुमान कथा का कार्यक्रम हुआ था। उस दौरान भी मंच से दिए गए उनके कई बयानों को लेकर पंजाब में भारी हंगामा हुआ था। अब पठानकोट में होने वाली तीन दिवसीय श्री हनुमंत कथा को लेकर एक बार फिर पंजाब की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है।

2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पंजाब में धार्मिक आयोजनों और उनके राजनीतिक प्रभाव को लेकर चर्चा तेज है। ऐसे में AAP नेता द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की संभावित मौजूदगी ने विवाद को और बढ़ा दिया है। अब इस आयोजन के जरिए धार्मिक आस्था का संदेश ज्यादा प्रमुख रहता है या चुनावी राजनीति का असर दिखाई देता है, इस पर पंजाब की सियासत की नजर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *