2018 के आपराधिक मानहानि मामले में अदालत में पेश नहीं होने और पहले जारी जमानती वारंट की तामील नहीं होने के बाद दिल्ली की साकेत कोर्ट ने यूट्यूबर ध्रुव राठी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है। मामले की अगली सुनवाई 3 दिसंबर को होगी।
Knews Desk- यूट्यूबर ध्रुव राठी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। दिल्ली की साकेत कोर्ट ने 2018 के आपराधिक मानहानि मामले में उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है। अदालत में पेश नहीं होने और पहले जारी जमानती वारंट की तामील नहीं हो पाने के बाद कोर्ट ने यह कदम उठाया। इससे पहले 17 अक्टूबर 2026 को अदालत ने ध्रुव राठी के खिलाफ जमानती वारंट जारी किया था।
अदालत को बताया गया कि समन की तामील कराने के लिए प्रोसेस सर्वर जब ध्रुव राठी के गुरुग्राम स्थित आवास पहुंचा तो वहां ताला लगा मिला। इसके बाद 31 अक्टूबर को उनकी उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए फिर जमानती वारंट जारी किया गया, लेकिन इसकी भी तामील नहीं हो सकी। इसके बाद 23 नवंबर को कोर्ट ने गैर-जमानती वारंट जारी कर दिया।
2018 के वीडियो से जुड़ा है मामला
यह आपराधिक मानहानि मामला मई 2018 में ध्रुव राठी के यूट्यूब चैनल पर अपलोड किए गए वीडियो ‘BJP IT Cell Part 2’ से जुड़ा है। शिकायतकर्ता विकास सांक्रित्यायन उर्फ विकास पांडे का आरोप है कि वीडियो में उनके बारे में ऐसे दावे किए गए, जिससे उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा।
शिकायत के मुताबिक, वीडियो में कथित तौर पर आरोप लगाया गया था कि बीजेपी आईटी सेल के लोगों ने विकास पांडे को ध्रुव राठी के खिलाफ अभियान चलाने और उन्हें बदनाम करने के लिए पैसे देने की कोशिश की थी। विकास पांडे ने इन आरोपों को गलत बताते हुए आपराधिक मानहानि की शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा करने वाले अरविंद केजरीवाल का नाम भी सामने आया था।
2019 में पहली बार जारी हुए थे समन
अदालत ने 23 जुलाई 2019 को पहली बार ध्रुव राठी को समन जारी किया था। लंबे समय तक समन की तामील नहीं हो सकी। अक्टूबर 2026 में शिकायतकर्ता ने जल्द सुनवाई और समन की तामील के लिए आवेदन दिया। इसके बाद 12 अक्टूबर को कोर्ट ने गुरुग्राम स्थित पते पर नए समन जारी करने का निर्देश दिया। 17 अक्टूबर को समन की तामील नहीं होने पर जमानती वारंट जारी किया गया। 31 अक्टूबर को भी वारंट की तामील नहीं हो सकी। अब 23 नवंबर को गैर-जमानती वारंट जारी किया गया है। मामले की अगली सुनवाई 3 दिसंबर को होगी।