यूपी में सीट शेयरिंग पर आर-पार? कांग्रेस-सपा की आज दिल्ली में अहम बैठक

Knews Desk– उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीट-बंटवारे को लेकर बातचीत आज से शुरू होगी। दिल्ली में कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी के घर दोपहर 12 बजे दोनों दलों की बैठक प्रस्तावित है। कांग्रेस ने यूपी की 403 विधानसभा सीटों में से 181 सीटों की मांग रखी है, जबकि सपा फिलहाल 50 से 60 सीटें देने के पक्ष में बताई जा रही है।

कांग्रेस ने सौंपी 181 सीटों की सूची

कांग्रेस ने पिछले सप्ताह सपा को 181 विधानसभा क्षेत्रों की सूची सौंपी थी। इनमें 135 सामान्य सीटें, 45 SC आरक्षित सीटें और एक ST आरक्षित सीट शामिल है। कांग्रेस का कहना है कि गठबंधन में उसे सम्मानजनक हिस्सेदारी मिलनी चाहिए।

वहीं, सपा का जोर सीटों की संख्या के बजाय उम्मीदवार की जीत की संभावना और विधानसभा क्षेत्र की राजनीतिक स्थिति पर है। अखिलेश यादव ने स्पष्ट किया है कि सीट-बंटवारे का मुख्य आधार जीत की संभावना होगी।

सपा की रणनीति क्या है?

सूत्रों के अनुसार, सपा कांग्रेस को 50 से 60 सीटें देने के पक्ष में है। कांग्रेस की मांग बढ़ने पर 10 से 20 सीटें अतिरिक्त देने पर विचार हो सकता है। हालांकि, इन सीटों पर उम्मीदवार सपा के ही हो सकते हैं। 2022 में सपा ने अपने सहयोगियों को 56 सीटें दी थीं।

सीट-बंटवारे को लेकर सपा ने राम गोपाल यादव की अगुवाई में चार सदस्यीय समिति बनाई है। इसमें श्याम लाल पाल, राजीव राय और इकरा हसन भी शामिल हैं।

कांग्रेस की ओर से कौन होगा शामिल?

कांग्रेस की पांच सदस्यीय समिति की कमान प्रियंका गांधी वाड्रा को दी गई है। बैठक में केसी वेणुगोपाल, यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ और इमरान मसूद भी शामिल हो सकते हैं।

कांग्रेस के अनुसार, 23-24 नवंबर को सीटों पर तार्किक चर्चा होगी। दोनों दलों का लक्ष्य आपसी सहमति से समझौता कर 2027 के चुनाव में गठबंधन को मजबूत करना है।

2022 और 2024 का प्रदर्शन

2022 में सपा ने 347 सीटों पर चुनाव लड़कर 111 सीटें जीती थीं, जबकि कांग्रेस 399 सीटों पर लड़कर केवल दो सीटें जीत सकी थी। 2024 लोकसभा चुनाव में सपा ने 62 में से 37 सीटें और कांग्रेस ने 17 में से 6 सीटें जीती थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *