knews desk – नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह उर्फ बालेन शाह दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर रविवार को नई दिल्ली पहुंच गए हैं। प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनका पहला भारत दौरा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर हो रही इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों और आपसी सहयोग से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।
बालेन शाह रविवार को नेपाल एयरलाइंस के विमान से भारत पहुंचे। उनके दौरे के एजेंडे में व्यापार और वाणिज्य, विकास साझेदारी, ऊर्जा और जल संसाधन, भौतिक और डिजिटल कनेक्टिविटी, टेक्नोलॉजी और इनोवेशन तथा खेल समेत कई क्षेत्र शामिल हैं।
भारत पहुंचने के बाद बालेन शाह की रविवार शाम विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात होनी है। यह बैठक दिल्ली के होटल ताज पैलेस में होगी। इसके बाद सोमवार, 23 नवंबर को राष्ट्रपति भवन में उनका औपचारिक स्वागत किया जाएगा। वह राजघाट पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे और इसके बाद हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी और बालेन शाह की बातचीत में भारत-नेपाल संबंधों की पूरी स्थिति की समीक्षा के साथ क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी विचार-विमर्श होगा। दोनों देशों के बीच समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान और प्रेस स्टेटमेंट भी जारी किए जाएंगे। बालेन शाह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात करेंगे।
विदेश मंत्रालय के मुताबिक, बालेन शाह की यह यात्रा भारत और नेपाल के बीच नियमित उच्चस्तरीय संपर्क की परंपरा को आगे बढ़ाती है। भारत और नेपाल के संबंध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सभ्यतागत जुड़ाव के साथ मजबूत जनस्तरीय संपर्कों पर आधारित हैं। दोनों देश व्यापार, विकास, ऊर्जा, जल संसाधन, कनेक्टिविटी, टेक्नोलॉजी और इनोवेशन समेत कई क्षेत्रों में सहयोग कर रहे हैं।
बालेन शाह की यह यात्रा उनके प्रधानमंत्री बनने के बाद पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा भी है। मार्च 2026 में प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद वह पहली बार भारत आए हैं। दो दिवसीय दौरा पूरा करने के बाद वह 23 नवंबर को नेपाल लौटेंगे।