PM मोदी के कार्यक्रम के बाद नीतीश सेतु पर फाड़े गए बैनर-पोस्टर, तेजस्वी यादव के समर्थन में लगे नारे

knews desk – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार में कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्सलेन नीतीश सेतु का लोकार्पण किया। इसके बाद राजापाकर के जाफरपट्टी में 34 हजार करोड़ रुपये की लागत से विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम के बाद नीतीश सेतु यानी राघोपुर में कार्यक्रम से जुड़े बैनर-पोस्टर और झंडे फाड़े जाने का वीडियो सामने आया है। वीडियो में कुछ स्थानीय युवक बैनर-पोस्टर और झंडे फाड़ते हुए नजर आ रहे हैं और तेजस्वी यादव जिंदाबाद के नारे लगाते दिख रहे हैं।

वीडियो के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रवाना होने के बाद कुछ स्थानीय लोग नीतीश सेतु पर जुटे। इस दौरान वहां लगे कार्यक्रम से जुड़े बैनर-पोस्टर और झंडे फाड़े गए। इसके साथ ही तेजस्वी यादव के समर्थन में नारेबाजी भी की गई। बैनर-पोस्टर और झंडे फाड़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को वैशाली जिले के राजापाकर प्रखंड के जाफरपट्टी में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे थे। बिहार में एनडीए सरकार के एक साल पूरे होने के मौके पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी दौरान प्रधानमंत्री ने कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्सलेन नीतीश सेतु का लोकार्पण किया था।

भाजपा प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैशाली में करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से बने 6-लेन नीतीश सेतु का लोकार्पण किया। उन्होंने बताया कि यह 9.76 किलोमीटर लंबा पुल कच्ची दरगाह से बिदुपुर को जोड़ता है और राघोपुर सहित उत्तर-दक्षिण बिहार के लाखों लोगों के लिए नया रास्ता खोलेगा। उनके मुताबिक, इससे महात्मा गांधी सेतु पर भी ट्रैफिक का दबाव कम होगा।

नीरज कुमार ने आरोप लगाया कि लोकार्पण के तुरंत बाद आरजेडी समर्थक पुल पर पहुंचे और एनडीए के पोस्टर-बैनर फाड़े तथा लालू-तेजस्वी के नारे लगाए। उन्होंने वायरल वीडियो का हवाला देते हुए कहा कि इसमें यह साफ दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार विकास दे रही है, जबकि आरजेडी विघटन और हंगामे की राजनीति कर रही है।

वहीं, प्रशांत किशोर ने इस मामले को लेकर नीतीश कुमार पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर नीतीश कुमार 21 नवंबर को पटना में थे और प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करने एयरपोर्ट तक गए थे, तो उन्हें इस कार्यक्रम में भी जरूर आना चाहिए था, खासकर तब जब इस पुल का नाम उन्हीं के नाम पर रखा गया है।

प्रशांत किशोर ने कहा कि इस मामले में बीजेपी से ज्यादा जेडीयू के नेताओं को सफाई देनी चाहिए, क्योंकि आज वे नीतीश कुमार के नाम पर ही सत्ता और बड़े पदों पर बैठे हैं। उन्होंने जेडीयू नेताओं से सवाल किया कि उद्घाटन के वक्त उनके नेता कहां थे और वे कार्यक्रम में क्यों नहीं आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *