‘नागिन 9’ में नजर आएंगी फरहाना भट्ट? एक्ट्रेस ने खुद बताया अफवाह या सच

टीवी की दुनिया में इन दिनों एकता कपूर के सुपरहिट सुपरनैचुरल शो ‘नागिन’ के अगले सीजन को लेकर जबरदस्त हलचल मची हुई है। हाल ही में एकता कपूर ने ‘नागिन 9’ को लेकर बड़ा हिंट दिया था, जिसके बाद नए सीजन की लीड एक्ट्रेस को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। इसी बीच ‘बिग बॉस 19’ फेम फरहाना भट्ट के भी ‘नागिन 9’ का हिस्सा बनने की खबरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगीं। अब खुद फरहाना ने सामने आकर इन खबरों की सच्चाई बता दी है।

Knews Desk – फरहाना भट्ट ने शुक्रवार 20 नवंबर को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक आधिकारिक नोट शेयर किया और साफ कर दिया कि उनका ‘नागिन 9’ से कोई लेना-देना नहीं है। एक्ट्रेस ने अपने पोस्ट में लिखा, “सिर्फ स्पष्ट करने के लिए बता दूं कि मेरे ‘नागिन’ का हिस्सा होने को लेकर काफी अटकलें लगाई जा रही हैं, और मैं बस ये बताना चाहती हूं कि इन अफवाहों में कोई सच्चाई नहीं है और मैं इस प्रोजेक्ट से जुड़ी हुई नहीं हूं।”

शो से जुड़ने की खबरों को खारिज करने के साथ ही फरहाना ने ‘नागिन’ की टीम और मेकर्स के प्रति पॉजिटिव रुख भी दिखाया। उन्होंने आगे लिखा, “हालांकि, ‘नागिन’ की पूरी टीम को ढेर सारा प्यार और इस नए सफर के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं।”

फरहाना ने अपनी पोस्ट के जरिए यह भी संकेत दिया कि वह जल्द ही अपने किसी नए प्रोजेक्ट को लेकर अपडेट देने वाली हैं। उन्होंने अपने नोट के अंत में लिखा, “मैं बहुत जल्द आप सभी के साथ अपने नए प्रोजेक्ट से जुड़े कुछ रोमांचक अपडेट्स साझा करने के लिए उत्सुक हूं। इतने प्यार और उत्सुकता के लिए शुक्रिया। तब तक जुड़े रहें।”

फरहाना भट्ट ‘बिग बॉस 19’ के बाद लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं। सलमान खान के रियलिटी शो में फर्स्ट रनर-अप रहने के बाद उनकी लोकप्रियता में जबरदस्त इजाफा हुआ। शो के घर के अंदर उनकी बेबाक शख्सियत और सफर को दर्शकों ने काफी पसंद किया। इसके बाद फरहाना ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ में भी नजर आ चुकी हैं।

अब फैन्स को उनके अगले बड़े प्रोजेक्ट का इंतजार है। हालांकि, ‘नागिन 9’ में फरहाना के शामिल होने की खबरों पर एक्ट्रेस ने साफ कर दिया है कि वह इस शो का हिस्सा नहीं हैं। वहीं, अपने नए प्रोजेक्ट को लेकर दिए गए हिंट के बाद अब उनके फैंस की नजर उनके अगले आधिकारिक ऐलान पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *