KNEWS DESK- पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ा ऐलान किया है। आम आदमी पार्टी सरकार करीब 10 लाख नए लाभार्थियों को राशन कार्ड योजना से जोड़ रही है। सरकार के मुताबिक, राशन कार्ड के लिए न किसी नेता की सिफारिश की जरूरत होगी और न ही पैसे देने होंगे। इस अभियान को ‘नो कैश, नो फरमाइश’ नाम दिया गया है।
डिजिटल जांच के बाद हुआ लाभार्थियों का चयन
जुलाई और अगस्त 2026 में सरकार को 19 लाख 25 हजार 942 ऑनलाइन आवेदन मिले। करीब 20 हजार अधिकारियों ने घर-घर जाकर आवेदनों की जांच की। इस दौरान जियो-टैग फोटो और समय का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया गया। सरकारी रिकॉर्ड और बिजली खपत जैसी जानकारियों से भी विवरण का मिलान किया गया।
विशेष अभियान के तहत 1.79 लाख परिवारों के 5.01 लाख लाभार्थियों का चयन हुआ। ई-श्रम पोर्टल से जुड़े 1.44 लाख परिवारों के करीब 3.9 लाख असंगठित श्रमिक भी योजना में शामिल किए गए। गलतियों वाले आवेदनों की दोबारा जांच के बाद कुल लाभार्थियों की संख्या करीब 10 लाख हो गई।
हर सदस्य को 5 किलो मुफ्त गेहूं
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून के तहत पात्र लाभार्थियों को हर महीने प्रति सदस्य पांच किलो मुफ्त गेहूं मिलेगा। इसके साथ ‘मेरी रसोई’ योजना के तहत मुफ्त राशन किट भी दी जाएगी। इसमें दो किलो चना दाल, दो किलो चीनी, एक किलो नमक, 200 ग्राम हल्दी और एक लीटर सरसों का तेल शामिल होगा।
घर तक पहुंचेगा राशन कार्ड
सरकार ने राशन कार्ड सीधे लाभार्थियों के घर पहुंचाने की घोषणा की है। आवेदन में बिजली मीटर नंबर, पता या अन्य जानकारी की गलती होने पर दोबारा जांच का प्रावधान है। चयनित परिवारों को मोबाइल संदेश और सरकारी पत्र के जरिए जानकारी दी जाएगी। मुफ्त गेहूं का लाभ लेने के लिए राशन डिपो पर ई-केवाईसी पूरी करनी होगी।
2027 चुनाव से पहले सरकार के इस फैसले को गरीब, मजदूर, दलित और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों तक पहुंच बढ़ाने की बड़ी पहल माना जा रहा है।