नया फोन खरीदने का सोच रहे हैं तो देर न करें! जल्द बढ़ सकती हैं स्मार्टफोन की कीमतें, ये है बड़ी वजह

KNEWS DESK- Smartphone Price Hike: अगर आप नया प्रीमियम स्मार्टफोन खरीदने की तैयारी कर रहे हैं तो खरीदारी में ज्यादा देरी करना महंगा पड़ सकता है। आने वाले समय में स्मार्टफोन की कीमतों में बड़ा इजाफा देखने को मिल सकता है। खासकर फ्लैगशिप और प्रीमियम सेगमेंट के फोन की कीमतें बढ़ने की आशंका है। इसके पीछे सबसे बड़ी वजह मेमोरी चिप की बढ़ती कीमत बताई जा रही है। तो चलिए जानते हैं कि आखिर स्मार्टफोन की कीमतें क्यों बढ़ सकती हैं और इसका असर ग्राहकों की जेब पर कितना पड़ेगा।

स्मार्टफोन बाजार में आने वाले महीनों में कीमतों को लेकर बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। अगर आप नया फोन खरीदने का प्लान बना रहे हैं तो आपके लिए यह खबर महत्वपूर्ण हो सकती है। मार्केट रिसर्च फर्म काउंटरपॉइंट रिसर्च के मुताबिक, साल के अंत तक प्रीमियम स्मार्टफोन की कीमतें 2025 के मुकाबले 30 फीसदी से भी ज्यादा बढ़ सकती हैं। कीमतों में इस संभावित बढ़ोतरी के पीछे मेमोरी चिप की बढ़ती लागत को बड़ी वजह माना जा रहा है।

मेमोरी चिप स्मार्टफोन के जरूरी कंपोनेंट्स में से एक है। रिपोर्ट के मुताबिक, 2025 की पहली तिमाही में किसी स्मार्टफोन को तैयार करने की कुल लागत में मेमोरी चिप का हिस्सा करीब 13 प्रतिशत था। वहीं, इस साल के अंत तक इसके बढ़कर 43 प्रतिशत तक पहुंचने का अनुमान है। यानी स्मार्टफोन बनाने वाली कंपनियों की लागत में मेमोरी की हिस्सेदारी काफी तेजी से बढ़ रही है। इसका सीधा असर आने वाले समय में फोन की कीमतों पर देखने को मिल सकता है।

काउंटरपॉइंट रिसर्च के डायरेक्टर तरुण पाठक के मुताबिक, AI डेटा सेंटर्स की बढ़ती मांग के कारण DRAM और NAND मेमोरी की कीमतों में तेजी देखने को मिल रही है। AI से जुड़ी तकनीक के विस्तार के साथ मेमोरी की मांग बढ़ी है, जिसका असर स्मार्टफोन इंडस्ट्री पर भी पड़ रहा है। बढ़ती लागत को देखते हुए स्मार्टफोन कंपनियों को अपने फोन की कीमत और कंपोनेंट्स की लागत को लेकर नई रणनीति बनानी पड़ सकती है।

स्मार्टफोन की कीमतों में बढ़ोतरी जारी

स्मार्टफोन की कीमतों में बढ़ोतरी का असर पहले से ही कुछ कंपनियों के मॉडल्स पर दिखाई देने लगा है। रिपोर्ट के आंकड़ों के अनुसार, सालाना आधार पर Oppo के फ्लैगशिप फोन की कीमतों में 82 से 87 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं अल्ट्रा-प्रीमियम सेगमेंट में Apple के iPhone की कीमतों में भी 20 से 22 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी देखने को मिली है। हाल ही में Samsung और Xiaomi ने भी अपने कई स्मार्टफोन मॉडल्स की कीमतों में 2,000 से 4,000 रुपये तक की बढ़ोतरी की है। इससे पहले Samsung के फ्लैगशिप फोन Galaxy S26 की कीमत में भी 17 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की गई थी। ऐसे में अगर मेमोरी चिप की कीमतों में बढ़ोतरी जारी रहती है तो आने वाले समय में दूसरे स्मार्टफोन मॉडल्स की कीमतों पर भी दबाव बढ़ सकता है।

2 लाख रुपये के करीब पहुंच रहे प्रीमियम फोन

प्रीमियम स्मार्टफोन सेगमेंट में कीमतों का बढ़ना ग्राहकों के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है। Apple और Samsung के टॉप मॉडल पहले ही करीब 2 लाख रुपये के प्राइस सेगमेंट की ओर बढ़ रहे हैं। ऐसे में आने वाले समय में प्रीमियम स्मार्टफोन खरीदने के लिए ग्राहकों को पहले की तुलना में ज्यादा बजट रखना पड़ सकता है। हालांकि, बढ़ती कीमतों के साथ ग्राहकों की उम्मीदें भी बढ़ी हैं। अब लोग महंगा स्मार्टफोन खरीदने से पहले उसकी स्पीड, कैमरा क्वालिटी, बैटरी लाइफ, मजबूती और आफ्टर-सेल्स सर्विस जैसी चीजों को ध्यान से देखते हैं। यही वजह है कि Google और iQOO जैसे टेक-फोकस्ड ब्रांड्स उन ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं, जो अपेक्षाकृत कम कीमत में बेहतर स्पेसिफिकेशन्स चाहते हैं।

इसके अलावा कामकाजी लोगों के बीच स्मार्टफोन, लैपटॉप और दूसरे डिवाइसेज को आपस में आसानी से कनेक्ट करने वाले इकोसिस्टम की मांग भी बढ़ रही है। ऐसे में कंपनियों के लिए सिर्फ फोन की कीमत ही नहीं, बल्कि बेहतर फीचर्स और कनेक्टेड एक्सपीरियंस देना भी जरूरी होता जा रहा है। अगर मेमोरी चिप की कीमतों में तेजी बनी रहती है तो आने वाले समय में इसका असर स्मार्टफोन की कीमतों के साथ-साथ ग्राहकों के खरीदारी के फैसले पर भी पड़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *