पहली भारत यात्रा पर आएंगे नेपाल के PM बालेन शाह, 23 नवंबर को PM मोदी से मिलेंगे

KNEWS DESK- नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह 22 और 23 नवंबर को भारत के दो दिवसीय राजकीय दौरे पर आएंगे। मार्च 2026 में पदभार संभालने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा होगी। 23 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी द्विपक्षीय वार्ता होगी, जिसमें दोनों देशों के संबंधों के सभी पहलुओं के साथ क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा होगी।

34 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ आएंगे बालेन शाह

नेपाल के विदेश सचिव अमृत बहादुर राय के मुताबिक, बालेंद्र शाह 22 नवंबर को नेपाल एयरलाइंस की उड़ान से नई दिल्ली पहुंचेंगे। उनके साथ 34 सदस्यीय आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल भी भारत आएगा। इसमें वित्त मंत्री स्वर्णिम वाग्ले, विदेश मंत्री शिशिर खनाल और प्रधानमंत्री के मुख्य सलाहकार कुमार ब्यान्जनकर शामिल होंगे।

PM मोदी और राष्ट्रपति मुर्मू से करेंगे मुलाकात

दौरे के दौरान नेपाली प्रधानमंत्री राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात करेंगे। वहीं 23 नवंबर को प्रधानमंत्री मोदी और बालेंद्र शाह के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत होगी। दोनों नेता संयुक्त रूप से मीडिया को संबोधित कर सकते हैं। इसके बाद पीएम मोदी नेपाली प्रधानमंत्री के लिए आधिकारिक भोज का आयोजन करेंगे। शाह विदेश मंत्री एस. जयशंकर से भी मुलाकात करेंगे।

भारत-नेपाल संबंधों को मिलेगी नई गति

भारत और नेपाल के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सभ्यतागत संबंध हैं। दोनों देश व्यापार, विकास साझेदारी, ऊर्जा, जल संसाधन, भौतिक और डिजिटल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में सहयोग कर रहे हैं। स्टार्टअप, तकनीक, नवाचार और खेल जैसे क्षेत्रों में भी साझेदारी बढ़ रही है।

यह यात्रा भारत की ‘पड़ोसी प्रथम’ नीति के तहत दोनों देशों के बीच उच्चस्तरीय संवाद को आगे बढ़ाएगी। बालेंद्र शाह 23 नवंबर की शाम काठमांडू लौट जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *