KNEWS DESK- बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी को लेकर पटना से लेकर बिहटा तक तैयारियां जोरों पर हैं। शुक्रवार को पटना के दानापुर स्थित सगुना मोड़ के ऑरिगेनो रिसॉर्ट में तिलक समारोह आयोजित किया जाएगा। इस दौरान अनंत सिंह अपने होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार को तिलक चढ़ाएंगे। शादी की भव्य तैयारियों के बीच उन्हें करीब 3 करोड़ रुपये की लैंड रोवर डिफेंडर कार उपहार में देने की भी चर्चा है।
हजारों समर्थकों के साथ पटना पहुंचेंगे अनंत सिंह
तय कार्यक्रम के अनुसार अनंत सिंह शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे अपने पैतृक गांव लदमा से परिजनों और हजारों समर्थकों के साथ पटना के लिए रवाना होंगे। उनके शाम करीब 4 बजे ऑरिगेनो रिसॉर्ट पहुंचने की संभावना है। समारोह में राजनीति और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े कई खास मेहमानों के शामिल होने की उम्मीद है।
अमेरिका में नौकरी करते हैं होने वाले दामाद
शिवांगी सिंह की शादी ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित कुमार से हो रही है। वह मूल रूप से पटना के बिहटा स्थित कृष्णानगर के रहने वाले हैं। ऋषिकेश ने अमेरिका की जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी से MBA किया है और फिलहाल अटलांटा में एक मल्टीनेशनल कंपनी में काम करते हैं। उनकी शुरुआती पढ़ाई अहमदाबाद में हुई है। उनकी बहन कोमल कुमारी अमेरिका में डॉक्टर हैं।
CRPF में कमांडेंट रह चुके हैं समधी
ऋषिकेश के पिता रणविजय कुमार सिंह CRPF में कमांडेंट रह चुके हैं। उन्होंने NDRF और NSG में भी सेवाएं दी हैं। उनकी मां आशा देवी ने शिवांगी का स्वागत बहू के बजाय बेटी के रूप में करने की बात कही है।
जयपुर के पत्रकार चौक की थीम पर सजेगा मंडप
शादी का मंडप और जयमाला स्टेज जयपुर के पत्रकार चौक की थीम पर तैयार किया जा रहा है। इसका आकार करीब 100 फीट चौड़ा, 35 फीट लंबा और 30 फीट ऊंचा होगा। करीब 10 बीघा जमीन पर सजावट का काम चल रहा है, जिसमें लगभग 500 लोग जुटे हैं। लाइटिंग का सामान पश्चिम बंगाल से मंगाया गया है। शादी 25 नवंबर को होगी और इसके बाद शिवांगी कुछ समय ससुराल में रहने के बाद पति के साथ अमेरिका जा सकती हैं।