knews desk – रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायण’ सिनेमाघरों में शानदार कमाई कर रही है। फिल्म ने रिलीज के 15 दिनों में ही दुनियाभर में 1500 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन कर लिया है। फिल्म को दर्शकों की ओर से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है, हालांकि कुछ लोग इसकी कहानी, किरदारों और प्रस्तुति को लेकर आलोचना भी कर रहे हैं। अब बीआर चोपड़ा के टीवी शो ‘महाभारत’ में भगवान कृष्ण का किरदार निभाने वाले अभिनेता नितीश भारद्वाज ने फिल्म को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
नितीश भारद्वाज ने सिनेमाघरों में ‘रामायण’ देखने के बाद फिल्म का अपना रिव्यू साझा किया है। उन्होंने फिल्म को लेकर कई गंभीर सवाल उठाए और सीधे तौर पर इसे एक ‘एजेंडा फिल्म’ करार दिया। उनका कहना है कि फिल्म के कुछ दृश्य भावनात्मक रूप से कमजोर हैं और भगवान राम के किरदार को उस तरह प्रस्तुत नहीं किया गया है, जैसा उनकी मर्यादा और व्यक्तित्व के अनुरूप होना चाहिए।
भगवान राम के किरदार पर उठाए सवाल
नितीश भारद्वाज ने कहा कि भगवान राम के किरदार को एक भावहीन चेहरे और साधारण से दिखने वाले शख्स के तौर पर सीमित कर दिया गया है। उनके मुताबिक, राम ऐसे नहीं थे, बल्कि वह मर्यादा के प्रतीक थे।
उन्होंने फिल्म के उस दृश्य का भी जिक्र किया, जब भगवान राम अयोध्या छोड़कर वनवास के लिए जा रहे होते हैं। नितीश के अनुसार, इस दृश्य में भावनाओं की कमी नजर आती है। उन्होंने कहा कि सूर्यवंशी राजवंश की प्रजा को भी बेहद भावहीन तरीके से दिखाया गया है।
‘रावण को हीरो की तरह दिखाया गया’
नितीश भारद्वाज ने फिल्म में रावण के चित्रण को लेकर भी अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने दावा किया कि फिल्म में भगवान राम की तुलना में रावण को ज्यादा प्रभावशाली और हीरो की तरह दिखाया गया है।
उन्होंने कहा कि फिल्म में रावण के नकारात्मक पक्षों को पर्याप्त तरीके से नहीं दिखाया गया है। नितीश ने रावण के किरदार की तुलना मार्क्सवादी कम्युनिस्ट लीडर से भी की।
उनके मुताबिक, फिल्म में विलेन को हीरो और हीरो को विलेन जैसा बना दिया गया है। उन्होंने चिंता जताई कि जिन लोगों ने रामायण नहीं पढ़ी है और सिर्फ फिल्म देखी है, वे आने वाले समय में रावण को एक ‘कूल ड्यूड’ के तौर पर देख सकते हैं।
15 दिनों में 1500 करोड़ से ज्यादा की कमाई
वहीं रणबीर कपूर की ‘रामायण’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार कमाई कर रही है। फिल्म ने रिलीज के 15 दिनों में दुनियाभर में 1500 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन कर लिया है।
हालांकि पिछले कुछ दिनों में फिल्म की कमाई में गिरावट देखने को मिली है। 15वें दिन फिल्म का कलेक्शन 20 करोड़ रुपये से भी कम रहा। इसके बावजूद फिल्म की कुल कमाई मजबूत बनी हुई है और अब इसके 2000 करोड़ रुपये के आंकड़े तक पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।
फिल्म की कमाई और दर्शकों के बीच इसकी लोकप्रियता के बीच नितीश भारद्वाज की यह टिप्पणी ‘रामायण’ को लेकर एक नई बहस जरूर छेड़ सकती है।