फिल्मी सितारों की सुरक्षा बढ़ेगी? मुंबई पुलिस के रडार पर कई बड़े एक्टर्स

लगातार मिल रही धमकियों और कुछ फिल्मी सितारों से जुड़ी आपराधिक घटनाओं के बाद मुंबई पुलिस अलर्ट मोड में है। आयुष्मान खुराना और टाइगर श्रॉफ समेत कई एक्टर्स की सुरक्षा से जुड़े आवेदन पुलिस को मिले हैं। कुछ सितारों को X कैटेगरी की सुरक्षा देने के विकल्प पर भी विचार किया जा रहा है, हालांकि अभी किसी के लिए आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ है।

Knews Desk – मुंबई में फिल्मी सितारों की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। लगातार मिल रही धमकियों और कुछ एक्टर्स पर हुए हमलों के बाद मुंबई पुलिस कई फिल्मी सेलेब्स को X कैटेगरी की सुरक्षा देने पर चर्चा कर रही है। एक्टर आयुष्मान खुराना और टाइगर श्रॉफ समेत कई स्टार्स ने मुंबई पुलिस से खास सुरक्षा की मांग की है। फिलहाल पुलिस इन एप्लीकेशन को देख रही है। एक्टर्स पर मंडरा रहे खतरे को गंभीरता से लेते हुए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। इसके बाद ही सुरक्षा को लेकर आखिरी फैसला लिया जाएगा।

मुंबई में फिल्मी सितारों को मिल रही धमकियों और आपराधिक गैंग की गतिविधियों ने फिल्म इंडस्ट्री की चिंता बढ़ा दी है। यही वजह है कि अब कई बड़े एक्टर्स ने मुंबई पुलिस से अपनी सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। मुंबई पुलिस के प्रोटेक्शन डिपार्टमेंट के सूत्रों के मुताबिक, आयुष्मान खुराना और टाइगर श्रॉफ समेत कई एक्टर्स की सुरक्षा से जुड़े आवेदन मिले हैं।

जानकारी के मुताबिक, कुछ एक्टर्स को X कैटेगरी की सुरक्षा देने के विकल्प पर भी विचार किया जा रहा है। हालांकि, अभी तक किसी भी एक्टर की सुरक्षा को लेकर आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ है। हाल के दिनों में फिल्मी सितारों को लगातार धमकियां मिलने की घटनाएं सामने आई हैं। एक्टर आयुष्मान खुराना को कथित धमकी भरे कॉल और ईमेल मिले। इस मामले में बेंगलुरु से वैभव मिश्रा नाम के एक IT प्रोफेशनल को गिरफ्तार किया गया। वहीं, महानायक अमिताभ बच्चन और उनके बेटे अभिषेक बच्चन को भी खालिस्तान समर्थकों की ओर से कथित तौर पर जान से मारने की धमकी मिली।

टाइगर श्रॉफ की कार पर जुहू में फायरिंग की घटना ने भी सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। इसके अलावा सलमान खान लंबे समय से लॉरेंस बिश्नोई गैंग के निशाने पर हैं। वहीं, रणवीर सिंह, तुषार कपूर, आमिर खान और अक्षय कुमार को भी धमकियां मिली हैं। जबकि, रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की घटना और कथित रंगदारी की मांग ने भी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।

मुंबई पुलिस अब लॉरेंस बिश्नोई गैंग के कथित नेटवर्क के साथ-साथ कई एंगल्स की जांच कर रही है। पुलिस बब्बर खालसा और अनिल पंडित, हैरी बॉक्सर और गोल्डी ढिल्लों जैसे नामों से जुड़े आपराधिक नेटवर्क पर भी नजर बनाए रखे है। पुलिस का फोकस इस बात पर है कि किस एक्टर को किस स्तर का खतरा है और उसके मुताबिक कितनी सुरक्षा की जरूरत है।

अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन को कथित तौर पर गोल्डी ढिल्लों, खालिस्तानी समर्थक गुरुपतवंत सिंह उर्फ पुन्नू और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जान से मारने की धमकी मिलने की बात सामने आई है।

टाइगर श्रॉफ की जुहू में कार पर फायरिंग की घटना हुई। मामले में बिश्नोई गैंग से जुड़े कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

दिलजीत दोसांझ को लाइव कॉन्सर्ट से पहले खालिस्तानी समर्थक गैंग की तरफ से कथित धमकी भरे कॉल और ईमेल आने की बात सामने आई।

आयुष्मान खुराना को कथित धमकी भरे कॉल और ईमेल के जरिए निशाना बनाए जाने का मामला सामने आया है।

तुषार कपूर के मामले में गैंगस्टरों की ओर से कथित तौर पर 6 लाख डॉलर यानी करीब 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया। इस मामले में एक युवक गिरफ्तार हो चुका है।

सलमान खान को लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से लंबे समय से जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। उनके घर पर फायरिंग की घटना भी हो चुकी है। सलमान के करीबी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या भी हुई थी।

रणवीर सिंह को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है।

आमिर खान के घर की रेकी और धमकी मिलने के दावे किए गए हैं।

अक्षय कुमार के घर की रेकी किए जाने की जानकारी सामने आई है, जिसके बाद घर की सुरक्षा बढ़ाई गई है।

रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग और कथित रंगदारी मांगने की घटना हुई थी। इसके बाद उनके घर की सुरक्षा बढ़ाई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *