गोरखपुर में खुलेगा यूपी का पहला वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय, 491 करोड़ की लागत से होगा निर्माण

19 नवंबर को सीएम योगी आदित्यनाथ कैंपियरगंज के भारीवैसी में रखेंगे विश्वविद्यालय की आधारशिला, जिले में विश्वविद्यालयों की संख्या बढ़कर होगी पांच

Knews Desk – गोरखपुर की शैक्षणिक पहचान को एक और बड़ी मजबूती मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 19 नवंबर को कैंपियरगंज तहसील के भारीवैसी में उत्तर प्रदेश के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय की आधारशिला रखेंगे। करीब 50 हेक्टेयर क्षेत्रफल में बनने वाले इस विश्वविद्यालय के निर्माण पर 491 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

आयुष चिकित्सा-शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश के प्रथम महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय के बाद अब गोरखपुर को वानिकी एवं औद्यानिकी शिक्षा के क्षेत्र में भी बड़ी सौगात मिलने जा रही है। प्रस्तावित संस्थान देश का दूसरा वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय होगा।

एक जिले में होंगे पांच विश्वविद्यालय

वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय के शुरू होने के बाद गोरखपुर प्रदेश का ऐसा अनूठा जिला बन जाएगा, जहां कुल पांच विश्वविद्यालय संचालित होंगे। वर्तमान में जिले में दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय, मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय और महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय मौजूद हैं।

नए विश्वविद्यालय के जुड़ने के बाद गोरखपुर में दो विशिष्ट विश्वविद्यालय सहित कुल पांच विश्वविद्यालय हो जाएंगे। आयुष विश्वविद्यालय और प्रस्तावित वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय अपनी विशिष्ट कार्यप्रणाली और पाठ्यक्रमों के कारण प्रदेश में अनूठे होंगे।

491 करोड़ की लागत से बनेगा आधुनिक संस्थान

कैंपियरगंज के भारीवैसी क्षेत्र में विश्वविद्यालय के लिए 50 हेक्टेयर यानी करीब 123.55 एकड़ भूमि चिह्नित की गई है। इसके निर्माण पर 491 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। विश्वविद्यालय को आधुनिक मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा।

इस संस्थान का मुख्य उद्देश्य वानिकी, कृषि वानिकी, उद्यानिकी और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उच्च स्तरीय शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देना है।

वन विज्ञान से लेकर जलवायु परिवर्तन तक पढ़ाई

विश्वविद्यालय में वानिकी एवं औद्यानिकी, वन्य जीव संरक्षण, जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, एग्रोफॉरेस्ट्री, फल एवं बागवानी जैसे आधुनिक विषयों में शिक्षा दी जाएगी। यहां बीएससी, एमएससी और पीएचडी के साथ डिप्लोमा पाठ्यक्रम भी संचालित किए जाएंगे।

वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय से डिग्री हासिल करने वाले विद्यार्थियों के लिए उत्तर प्रदेश राज्य वन सेवा तथा क्षेत्रीय वन अधिकारी के पदों पर क्षैतिज आरक्षण प्रदान किया जाना भी प्रस्तावित है।

विश्वविद्यालय परिसर में प्रशासनिक भवन, दो शैक्षणिक ब्लॉक, केंद्रीय पुस्तकालय, बहुउद्देशीय सभागार, 895 विद्यार्थियों की क्षमता वाले छात्रावास और 401 आवासीय यूनिट विकसित की जाएंगी। इसके अलावा किसान कल्याण केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र, अतिथि गृह और अन्य आधुनिक अवस्थापना सुविधाएं भी तैयार की जाएंगी।

792 करोड़ की 55 परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 19 नवंबर को गोरखपुर के कैंपियरगंज में वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय की आधारशिला रखने के साथ 792 करोड़ रुपये से अधिक की कुल 55 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे।

इनमें 491 करोड़ रुपये की फॉरेस्ट्री यूनिवर्सिटी सहित 621.05 करोड़ रुपये की 16 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा। इसके साथ ही 171.13 करोड़ रुपये की 39 परियोजनाओं का लोकार्पण भी मुख्यमंत्री के हाथों होगा।

विश्वविद्यालय की स्थापना के साथ गोरखपुर की शैक्षणिक पहचान को नई दिशा मिलने की उम्मीद है और शहर को ‘नॉलेज कैपिटल’ के रूप में स्थापित करने की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *