प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में बढ़ती नशे की समस्या को लेकर गहरी चिंता जताई है। बुधवार को केंद्रीय मंत्रिपरिषद की बैठक में युवाओं पर नशे के बढ़ते प्रभाव का जिक्र करते हुए पीएम मोदी भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि देश की युवा पीढ़ी को नशे के चंगुल से हर हाल में बचाना होगा और इस समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए पूरी ताकत से काम करना होगा।
Knews Desk – नई दिल्ली के भारत मंडपम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिपरिषद की बैठक हुई। करीब साढ़े तीन घंटे चली इस बैठक में नशे की बढ़ती समस्या के अलावा गरीबी उन्मूलन, नक्सलवाद, वित्तीय सशक्तीकरण और प्रशासनिक सुधारों समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई।
नशे की समस्या पर चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं पर इसके बढ़ते प्रभाव को लेकर चिंता जताई। रिपोर्ट के मुताबिक, इस मुद्दे पर बोलते हुए पीएम मोदी भावुक हो गए और उन्होंने देश के युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से बचाने की जरूरत पर जोर दिया।
नक्सलवाद खत्म हो सकता है तो नशा भी खत्म होगा
प्रधानमंत्री मोदी ने नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलता का उदाहरण देते हुए कहा कि जब देश नक्सलवाद को खत्म करने की दिशा में सफलता हासिल कर सकता है, तो नशे की समस्या को भी जड़ से समाप्त किया जा सकता है। उन्होंने मंत्रिपरिषद के सामने इस चुनौती से प्रभावी तरीके से निपटने का आह्वान किया।
पीएम मोदी का यह संदेश ऐसे समय आया है जब सरकार नशे के खिलाफ जागरूकता और कार्रवाई को लगातार बढ़ाने पर जोर दे रही है। प्रधानमंत्री पहले भी युवाओं को नशे से दूर रहने और परिवारों को इस समस्या से निपटने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील कर चुके हैं।