Google Play की बेस्ट ऐप्स और गेम्स की लिस्ट जारी, जानें किन ऐप्स और गेम्स ने जीते बड़े अवॉर्ड

KNEWS DESK- स्मार्टफोन यूजर्स के लिए Google Play ने साल 2026 के बेस्ट ऐप्स और गेम्स की सालाना लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में वीडियो एडिटिंग, AI, क्रिएटिविटी, प्रोडक्टिविटी, एंटरटेनमेंट और स्पोर्ट्स से जुड़े कई ऐप्स को जगह मिली है। खास बात यह है कि इस बार कई भारतीय ऐप्स ने भी अलग-अलग कैटेगरी में अवॉर्ड अपने नाम किए हैं।

Google Play की 2026 की बेस्ट ऐप्स और गेम्स की लिस्ट में Adobe Premiere ने बेस्ट ऐप का खिताब हासिल किया है। वहीं गेमिंग कैटेगरी में Arknights: Endfield को बेस्ट गेम चुना गया है। Google Play की ओर से हर साल ऐसे ऐप्स और गेम्स को सम्मानित किया जाता है, जो अपने फीचर्स, इनोवेशन और यूजर एक्सपीरियंस के जरिए खास पहचान बनाने में सफल रहते हैं।

Adobe Premiere बना बेस्ट ऐप

Google Play की Best App 2026 कैटेगरी में Adobe Premiere को पहला स्थान मिला है। इस ऐप को Google Play पर अब तक 50 लाख से ज्यादा बार डाउनलोड किया जा चुका है। इसकी मदद से यूजर्स स्मार्टफोन पर ही वीडियो एडिट कर सकते हैं। ऐप में मल्टीट्रैक एडिटिंग, वीडियो पर सटीक कंट्रोल और स्पीच एन्हांसमेंट जैसे फीचर्स उपलब्ध हैं। क्रिएटिव एक्सप्रेशन की कैटेगरी में ibis Paint X को बेस्ट ऐप का अवॉर्ड मिला है। इस ऐप के जरिए यूजर्स अलग-अलग स्टाइल में इलस्ट्रेशन और एनिमेशन तैयार कर सकते हैं। AI आधारित ऐप Wispr Flow को Best Innovative App का अवॉर्ड दिया गया है। यह ऐप यूजर की आवाज को टेक्स्ट में बदलने का काम करता है। इसमें हिंदी और हिंग्लिश समेत कई भाषाओं का सपोर्ट मिलता है। ऐप बोलते समय होने वाली गलतियों और गैरजरूरी शब्दों को हटाकर टेक्स्ट को बेहतर बनाने में भी मदद करता है।

भारतीय ऐप्स ने भी बनाई खास जगह

Google Play की इस साल की लिस्ट में कई भारतीय ऐप्स भी शामिल हैं। घर के रोजमर्रा के कामों के लिए सर्विस बुक करने वाले ऐप Pronto को Best Productivity Partner का अवॉर्ड मिला है। वहीं बच्चों के विकास से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराने वाले Baby Development and Milestones को Best Under the Radar App चुना गया है। Zolio: Daily Journal & Diary को Skill Building के लिए बेस्ट ऐप का अवॉर्ड मिला है। इसके अलावा एंटरटेनमेंट कैटेगरी में Pocket FM और स्पोर्ट्स फैंस के लिए FanCode को सम्मानित किया गया है। स्मार्टवॉच पर पॉडकास्ट सुनने की सुविधा देने वाले Pocket Casts को Best App for Watches चुना गया है। वहीं Strava ने Best Cross Device App का अवॉर्ड अपने नाम किया है।

Arknights: Endfield को दो बड़े अवॉर्ड

गेमिंग की दुनिया में Arknights: Endfield ने दो अवॉर्ड जीते हैं। इसे Best Game के साथ Best Story का अवॉर्ड भी मिला है। Google Play पर इस गेम की रेटिंग 4.5 है और इसे 50 लाख से ज्यादा बार डाउनलोड किया जा चुका है। Monument Valley 3 को Best Indie Game चुना गया है। यह गेम अपने विजुअल पजल और अलग तरह के गेमप्ले के लिए जाना जाता है।भारत में बने ScarFall 2.0 को Best Made in India Game का अवॉर्ड मिला है। यह एक बैटल रॉयल गेम है, जिसमें मुंबई की लोकल ट्रेन और शहर से जुड़े कई परिचित माहौल देखने को मिलते हैं।

इसके अलावा Pokemon Champions को Best Multiplayer Game और Astro Arena: 3vs3 MOBA को Best Pick Up and Play Game का अवॉर्ड मिला है। इस तरह Google Play की 2026 की लिस्ट में जहां दुनियाभर के चर्चित ऐप्स और गेम्स को जगह मिली है, वहीं भारतीय ऐप्स और गेम्स ने भी अलग-अलग कैटेगरी में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *