रिलीज से पहले ही ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ का जलवा, भारत में एडवांस बुकिंग ने छुआ 10 करोड़ का आंकड़ा

सिर्फ 19 घंटे में फिल्म ने पहले दिन की एडवांस बुकिंग से 10 करोड़ रुपये पार कर लिए। बड़े मल्टीप्लेक्स चेन में 1 लाख टिकट बिक चुके हैं, जबकि BookMyShow पर भी शुरुआती 24 घंटे में 1 लाख से ज्यादा टिकटों की बिक्री हुई।

Knews Desk – मार्वल की मच अवेटेड फिल्म ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ ने रिलीज से पहले ही भारत में बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ मजबूत करनी शुरू कर दी है। फिल्म की एडवांस बुकिंग को दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने पहले दिन की एडवांस बुकिंग से 10 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है।

बड़े मल्टीप्लेक्स में लाखों टिकटों की बिक्री

‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ की एडवांस बुकिंग को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। पीवीआर, आइनॉक्स और सिनेपोलिस जैसे बड़े मल्टीप्लेक्स चेन में फिल्म के 1 लाख टिकट बिक चुके हैं।

वहीं, BookMyShow पर भी शुरुआती 24 घंटों के भीतर 1 लाख से ज्यादा टिकटों की बिक्री का आंकड़ा सामने आया है। एडवांस बुकिंग की यह रफ्तार फिल्म की रिलीज से पहले ही दर्शकों के बीच बनी मजबूत हाइप को दिखा रही है।

रॉबर्ट डाउनी जूनियर की वापसी ने बढ़ाई एक्साइटमेंट

फिल्म को लेकर बढ़े क्रेज की एक बड़ी वजह रॉबर्ट डाउनी जूनियर की मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स में वापसी भी है। वह इस बार डॉक्टर डूम के किरदार में नजर आएंगे। इसके अलावा मार्वल की पिछली फिल्मों को मिले शानदार रिस्पॉन्स ने भी ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ाई है।

फिल्म के मेकर्स ने रिलीज से काफी पहले ही एडवांस बुकिंग शुरू कर दी थी। इसका फायदा फिल्म की प्री-रिलीज बुकिंग में साफ तौर पर दिखाई दे रहा है।

‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ की टिकट कीमतें भी चर्चा में हैं। कुछ सिनेमाघरों में पहले दिन के प्रीमियम शोज के टिकटों की कीमत काफी ज्यादा रखी गई है। इसके बावजूद फैन्स फिल्म के टिकट खरीदने से पीछे नहीं हट रहे हैं।

ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि रिलीज की तारीख नजदीक आने के साथ फिल्म की एडवांस बुकिंग और तेज हो सकती है।

भारतीय फिल्मों के लिए बढ़ सकती है स्क्रीन की चुनौती

भारत में ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ की एडवांस बुकिंग की रफ्तार ने बॉलीवुड और साउथ की बड़ी फिल्मों के लिए भी चुनौती खड़ी कर दी है। ‘एवेंजर्स’ जैसी हॉलीवुड फ्रेंचाइजी को भारत में बड़े स्तर पर स्क्रीन मिलती हैं।

अगर फिल्म की बुकिंग इसी रफ्तार से आगे बढ़ती है तो मल्टीप्लेक्स और सिंगल स्क्रीन थिएटर्स में इसे ज्यादा शोज मिलने की संभावना है। ऐसे में रिलीज के आसपास सिनेमाघरों में भारतीय फिल्मों के लिए उपलब्ध स्क्रीन और शोज पर असर पड़ सकता है।

फिलहाल ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ की एडवांस बुकिंग के आंकड़े यह संकेत दे रहे हैं कि फिल्म की रिलीज से पहले ही भारत में इसका क्रेज काफी बढ़ चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *