भारतीय नौसेना को मिलेंगी 9 नई पनडुब्बियां, 1.11 लाख करोड़ की दो बड़ी डील तैयार

KNEWS DESK– भारतीय नौसेना की समुद्री ताकत बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार दो बड़े पनडुब्बी प्रोजेक्ट को आगे बढ़ा रही है। करीब 1.11 लाख करोड़ रुपये की इन दोनों परियोजनाओं के तहत नौसेना को 9 नई पारंपरिक पनडुब्बियां मिलेंगी। रक्षा मंत्रालय ने दोनों परियोजनाओं की आंतरिक प्रक्रियाएं पूरी कर ली हैं और अब इन्हें कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) की अंतिम मंजूरी का इंतजार है।

रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह के मुताबिक, दोनों प्रस्ताव CCS की मंजूरी के लिए आगे बढ़ने की प्रक्रिया में हैं। इनमें करीब 75 हजार करोड़ रुपये का P-75(I) प्रोजेक्ट शामिल है। इसके तहत जर्मनी की थायसेनक्रुप मरीन सिस्टम्स (TKMS) और भारत की मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड (MDL) मिलकर देश में 6 आधुनिक पारंपरिक पनडुब्बियों का निर्माण करेंगी। परियोजना का उद्देश्य भारत में पनडुब्बी निर्माण क्षमता बढ़ाना और आधुनिक तकनीक का ट्रांसफर हासिल करना है।

दूसरी परियोजना करीब 36 हजार करोड़ रुपये की है। इसके तहत नौसेना के लिए 3 अतिरिक्त स्कॉर्पीन क्लास पनडुब्बियां बनाई जाएंगी। इनका निर्माण मझगांव डॉक की मौजूदा प्रोडक्शन लाइन पर किया जाएगा, जिससे निर्माण सुविधाएं तैयार करने में लगने वाला समय बचेगा और पनडुब्बियों को जल्द नौसेना में शामिल किया जा सकेगा।

चीन और पाकिस्तान की बढ़ती समुद्री गतिविधियों के बीच भारत अपनी अंडरवॉटर वॉरफेयर क्षमता मजबूत कर रहा है। साथ ही मौजूदा पनडुब्बियों के अपग्रेडेशन, टॉरपीडो और अन्य उपकरणों की खरीद पर भी काम जारी है। कोच्चि में SEATEC केंद्र बनाया जा रहा है, जिससे सोनार तकनीक और उसकी जांच क्षमता मजबूत होगी। दोनों परियोजनाओं को मंजूरी मिलने के बाद नौसेना की पानी के भीतर युद्ध क्षमता को बड़ी मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *