KNEWS DESK- कानपुर के रूमा औद्योगिक क्षेत्र स्थित पिगमेंट इंक फैक्ट्री में मंगलवार रात भीषण आग लग गई। फैक्ट्री में रखे केमिकल से भरे ड्रम एक के बाद एक तेज धमाकों के साथ फटने लगे, जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूर जान बचाकर बाहर भागे।
आग की भयावहता को देखते हुए बगल में स्थित कानपुर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (केआईटी) कॉलेज के हॉस्टल को एहतियातन खाली करा लिया गया। इसके अलावा आग आसपास की फैक्ट्रियों तक फैलने की आशंका को देखते हुए उन्हें भी बंद कराकर कर्मचारियों को सुरक्षित स्थान पर भेजा गया।
आग की सूचना मिलते ही जाजमऊ, मीरपुर, किदवई नगर, कर्नलगंज और फजलगंज समेत कई फायर स्टेशनों से 10 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने के बाद कुछ ही देर में लपटें तेज हो गईं और फैक्ट्री के अंदर रखे केमिकल ड्रम तेज धमाकों के साथ फटने लगे। लगातार धमाकों के कारण दमकल कर्मियों के लिए फैक्ट्री के अंदर पहुंचकर आग बुझाना चुनौतीपूर्ण हो गया।
दमकल टीम ने बगल की फैक्ट्री की छत से पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। केमिकल की मौजूदगी के कारण आग बुझाने में परेशानी आई और लपटें लगातार भड़कती रहीं। फिलहाल आग लगने के कारणों और हादसे में हुए नुकसान का आकलन नहीं हो सका है। राहत और बचाव कार्य जारी है।