QUAD समिट में ट्रंप का बड़ा ऐलान, अगले साल होगा पहला बिजनेस लीडर्स फोरम

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने QUAD समिट में अगले साल पहले QUAD बिजनेस लीडर्स फोरम के आयोजन का ऐलान किया। उन्होंने QUAD को बेहद महत्वपूर्ण समूह बताते हुए कहा कि चारों देशों के बीच व्यापार और आर्थिक सुरक्षा के संबंध मजबूत हो रहे हैं। ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना मित्र और दुनिया भर में सम्मानित नेता भी बताया।

Knews Desk– ट्रंप ने कहा कि भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया महत्वपूर्ण खनिजों और रेयर अर्थ के क्षेत्र में मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने कई नए समझौतों की जानकारी देते हुए कहा कि इनका उद्देश्य सप्लाई चेन को सुरक्षित करना और किसी एक विदेशी आपूर्तिकर्ता पर निर्भरता को कम करना है। ट्रंप ने कहा कि अगले 12 महीनों में कई ऐसी पहल होंगी, जिनका असर दुनिया देखेगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बैठक में ट्रंप, जापान की प्रधानमंत्री ताकाइची और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि मनीला और QUAD का ऐतिहासिक और विशेष संबंध रहा है। 2007 में चारों देशों के अधिकारियों की पहली बैठक मनीला में हुई थी और 2017 में भी यहीं QUAD संवाद दोबारा शुरू हुआ था। पीएम मोदी ने QUAD को भारत के लिए रचनात्मक और भरोसेमंद साझेदारी बताया। उन्होंने समुद्री सुरक्षा, भरोसेमंद सप्लाई चेन, नई तकनीक और आपदा प्रबंधन में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया।

इससे पहले पीएम मोदी ने मनीला में सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग से भी मुलाकात की। दोनों नेताओं ने व्यापक रणनीतिक साझेदारी की कार्ययोजना की प्रगति की समीक्षा की और आर्थिक सहयोग, कौशल विकास, डिजिटलाइजेशन, सतत विकास, कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य, रक्षा एवं सुरक्षा तथा सांस्कृतिक आदान-प्रदान जैसे आठ प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी विचार साझा किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *