नीति आयोग ने नई दिल्ली के भारत मंडपम में ‘मिशन के रूप में नेतृत्व’ विषय पर राष्ट्रीय कार्यशाला आयोजित की। इसमें 900 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। कार्यशाला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के नेतृत्व से जुड़े अनुभवों और सीख पर चर्चा की गई।
KNEWS DESK- नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में नीति आयोग की ओर से ‘मिशन के रूप में नेतृत्व’ विषय पर राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासनाध्यक्ष के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित की गई। कार्यक्रम में केंद्र और राज्य सरकारों के वरिष्ठ अधिकारियों, जिलाधिकारियों, शिक्षाविदों, विद्यार्थियों और विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों समेत 900 से अधिक लोगों ने भाग लिया।
यह राष्ट्रीय कार्यशाला पांच श्रृंखलाओं में आयोजित की जाएगी। कार्यशाला के दौरान साझा किए गए अनुभवों और विचार-विमर्श को केस स्टडी और शिक्षण सामग्री के रूप में विकसित किया जाएगा, ताकि इन अनुभवों का उपयोग भविष्य में संस्थागत ज्ञान के तौर पर किया जा सके। कार्यशाला की शुरुआत राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके बाद नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनुराग जैन ने प्रतिभागियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कार्यशाला का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के नेतृत्व से प्राप्त अनुभवों और सीख को संकलित करना और उन्हें भविष्य के लिए संस्थागत ज्ञान के रूप में विकसित करना है।
प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. पीके मिश्रा ने भी उद्घाटन सत्र को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारत की शासन यात्रा में कई महत्वपूर्ण पड़ाव आए हैं, जो निर्णायक नेतृत्व की शक्ति और संकल्पना को कार्यरूप देने की क्षमता को प्रदर्शित करते हैं।डॉ. पीके मिश्रा ने कच्छ में 2001 में आए भूकंप के बाद राहत और पुनर्निर्माण, कोविड महामारी के दौरान भारत की प्रतिक्रिया और लखपति दीदी पहल का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ये प्रयास दिखाते हैं कि दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति, संवेदनशील प्रशासन और मिशन आधारित शासन व्यवस्था किस तरह लोगों के जीवन में सार्थक बदलाव ला सकती है।
नरेंद्र मोदी ने 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला था। इसके बाद मई 2014 में उन्होंने देश के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद को ‘प्रधान सेवक’ कहते हैं। नीति आयोग के मुताबिक, इस कार्यशाला से सामने आने वाले अनुभवों का इस्तेमाल सिविल सेवा प्रशिक्षण संस्थानों, शैक्षणिक संस्थानों और विश्वविद्यालयों में किया जाएगा। कार्यक्रम में केंद्र और राज्य सरकारों के सचिव और वरिष्ठ अधिकारी, कई जिलों के जिलाधिकारी, शैक्षणिक संस्थानों और विश्वविद्यालयों के विद्यार्थी, विभिन्न समुदायों के भागीदार और केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं के लाभार्थी शामिल हुए।
भारत के ग्रामीण विकास विभाग के पूर्व सचिव शैलेश कुमार सिंह ने लखपति दीदी योजना का उल्लेख करते हुए इसे महत्वाकांक्षी योजना को जमीन पर उतारने का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि लखपति दीदी पहल सिर्फ आय का स्रोत नहीं है, बल्कि महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता, सम्मान और परिवार एवं समाज में उनकी पहचान को मजबूत करने की पहल भी है। पूर्व केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव प्रीति सूदन ने कोविड महामारी के दौरान भारत की प्रतिक्रिया का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कोविड-19 से निपटने की रणनीति सरकारी तंत्र के प्रयास से आगे बढ़कर पूरे समाज के जनआंदोलन में बदल गई।