पांच बार चैंपियन बनाने वाले धोनी का IPL से संन्यास, CSK ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी

KNEWS DESK- चेन्नई सुपरकिंग्स के दिग्गज खिलाड़ी और पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने 45 साल की उम्र में आईपीएल से संन्यास ले लिया है। पांच बार चेन्नई सुपरकिंग्स को आईपीएल चैंपियन बनाने वाले धोनी अब टीम के साथ नई भूमिका में नजर आएंगे। चेन्नई सुपरकिंग्स ने उन्हें टीम मेंटॉर की जिम्मेदारी सौंपी है।

चेन्नई सुपरकिंग्स ने धोनी के संन्यास का ऐलान करते हुए सोशल मीडिया पर खास पोस्ट किया। फ्रेंचाइजी ने उन्हें ‘ज़िंदगी में एक बार मिलने वाला खिलाड़ी’ बताया और कहा कि धोनी अब टीम मेंटॉर की भूमिका संभालेंगे। टीम ने अपने संदेश में कहा कि धोनी शुरुआत से ही चेन्नई की यात्रा के केंद्र में रहे हैं और अब वह सुपर किंग्स की अगली पीढ़ी को गाइड करेंगे।

धोनी ने बतौर कप्तान चेन्नई सुपरकिंग्स को पांच बार आईपीएल खिताब दिलाया। फ्रेंचाइजी के साथ उनका रिश्ता करीब दो दशकों का रहा है। चेन्नई ने कहा कि धोनी की पहचान टीम के साथ हमेशा जुड़ी रहेगी और चेन्नई उनका घर बना रहेगा।

धोनी के संन्यास पर चेन्नई सुपरकिंग्स के मालिक एन श्रीनिवासन ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि धोनी के बिना CSK नहीं है और वह हमेशा चेन्नई का हिस्सा रहेंगे। श्रीनिवासन ने बताया कि करीब दो दशकों से दोनों साथ आगे बढ़े हैं और इस दौरान जीत, असफलताओं और तमाम परिस्थितियों के बीच उनका रिश्ता मजबूत हुआ है।

श्रीनिवासन ने कहा कि 2008 में उन्होंने धोनी को CSK का हिस्सा बनाने पर जोर दिया था और यह उनका सबसे अच्छा फैसला साबित हुआ। उन्होंने धोनी की सफलता के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व की भी तारीफ की और कहा कि धोनी हमेशा CSK की पहचान का हिस्सा रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *