Knews Desk – पंजाब के गुरदासपुर में 42 वर्षीय हेड कांस्टेबल विनोद कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। रविवार रात बाईपास इलाके के पास उनका खून से लथपथ शव मिला। जांच के दौरान सामने आए CCTV फुटेज में दो लोग उन्हें बाइक पर बैठाकर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
संगरूर से लौटते समय भाई को किया था फोन
परिजनों के मुताबिक, विनोद कुमार ट्रेनिंग के सिलसिले में संगरूर गए थे। रविवार रात करीब नौ बजे उन्होंने अपने भाई को फोन कर बाईपास इलाके से उन्हें घर ले जाने के लिए कहा था। भाई बस अड्डे पहुंचा, लेकिन इसके बाद विनोद से संपर्क नहीं हो सका।
परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। करीब एक घंटे से ज्यादा समय बाद बाईपास इलाके के पास उनका शव मिला। परिवार के अनुसार, विनोद का बैग और बटुआ भी मौके से गायब था।
पुलिस को जांच के दौरान एक CCTV फुटेज मिला है। इसमें हत्या से कुछ समय पहले दो लोग बाइक से आते और विनोद कुमार को बाइक पर बैठाकर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
विशेष पुलिस महानिदेशक कानून एवं व्यवस्था पीके सिन्हा के अनुसार, कुमार को गोली लगी थी। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और वारदात की गुत्थी सुलझाने के लिए कई टीमें लगाई गई हैं।
सिर पर चोट के निशान भी मिले
एक अन्य पुलिस अधिकारी के मुताबिक, विनोद कुमार के सिर पर भी चोट के निशान मिले हैं। उनका शव पोस्टमार्टम के लिए गुरदासपुर सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। विनोद कुमार पठानकोट के सुजानपुर में तैनात थे।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के साथ CCTV फुटेज की भी जांच की जा रही है।
पंजाब पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, सोशल मीडिया पर तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान यानी TTH नाम के संगठन ने हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। पुलिस इस दावे की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक, इस संगठन ने पहले भी दो पुलिसकर्मियों की हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था।
CM भगवंत मान ने किया मुआवजे का ऐलान
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने हेड कांस्टेबल विनोद कुमार की मौत पर शोक जताया है। उन्होंने मृतक के परिवार के लिए एक करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि के अलावा एक करोड़ रुपये की बीमा राशि देने का ऐलान किया है।
हेड कांस्टेबल की हत्या के बाद बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर कानून व्यवस्था को लेकर निशाना साधा है। पंजाब BJP अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने घटना को दुखद और चिंताजनक बताते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने भी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि गुरदासपुर में हेड कांस्टेबल विनोद कुमार को अगवा करके हत्या कर दी गई और पंजाब की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। मजीठिया ने दावा किया कि इस घटना से पहले इस साल पंजाब पुलिस के पांच कर्मी मारे जा चुके हैं।