KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले ड्राफ्ट मतदाता सूची को लेकर सियासत तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से गायब होने के दावे पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणावा ने सफाई दी है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन विभाग के पास मतदाताओं का धर्म के आधार पर कोई आधिकारिक डेटा उपलब्ध नहीं है।
नवदीप रिणावा के मुताबिक, मतदाता सूची में नाम, उम्र और रिलेशनशिप जैसी जानकारियां दर्ज होती हैं, लेकिन धर्म का कोई कॉलम नहीं होता। ऐसे में विभाग के पास यह बताने का आधिकारिक रिकॉर्ड नहीं है कि कितने हिंदू, मुस्लिम या अन्य धर्मों के मतदाताओं के नाम सूची से हटे हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया था कि SIR के बाद करीब 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम विधानसभा की मतदाता सूची में नहीं हैं। उनके मुताबिक, करीब 66 लाख ऐसे मतदाता हैं, जिनके नाम पंचायत चुनाव की सूची में हैं, लेकिन विधानसभा की सूची में नहीं मिले। इसके अलावा करीब 55 लाख ऐसे हिंदू मतदाताओं का भी दावा किया गया, जिन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है, लेकिन उनके नाम विधानसभा सूची में नहीं हैं। उन्होंने 18 साल से अधिक उम्र के करीब 4.5 लाख युवाओं के नाम भी सूची में नहीं होने की बात कही थी। CEO ने कहा कि PDF को कन्वर्ट कर डेटाबेस तैयार करके तकनीकी विश्लेषण किया जा सकता है। हालांकि, विभाग के आधिकारिक डेटाबेस में धर्म आधारित आंकड़े उपलब्ध नहीं हैं।
17 नवंबर को जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची में कुल 13,58,68,905 मतदाता हैं। 10 अप्रैल की सूची की तुलना में 18,84,113 मतदाताओं की बढ़ोतरी हुई है। दावे और आपत्तियां 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक दर्ज कराई जा सकती हैं। इसके लिए फॉर्म-6, 7 और 8 की व्यवस्था है। 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस भी आयोजित किए जाएंगे।