शादी तय होने से नाराज युवक ने उठाया खौफनाक कदम, होटल में युवती की हत्या के बाद खुद भी दी जान

Knews Desk – उत्तर प्रदेश के वाराणसी में एक होटल के कमरे से युवक और युवती के शव मिलने से सनसनी फैल गई। बड़ागांव थाना क्षेत्र के एयरपोर्ट रोड स्थित होटल में 20 वर्षीय विकास केसरी और 23 वर्षीय प्रिया केसरी के शव मिले। पुलिस के मुताबिक, युवती के गले पर धारदार हथियार से चोट के निशान मिले हैं, जबकि युवक का शव कमरे में पंखे से लटका हुआ था।

रिश्ते में थे दोनों, युवती की शादी कहीं और तय होने से नाराज था युवक

पुलिस के अनुसार, विकास केसरी बीएलडब्ल्यू पहाड़ी गेट का रहने वाला था, जबकि प्रिया केसरी बड़ागांव बसनी की निवासी थी। प्रिया की बड़ी बहन की शादी विकास के बड़े भाई से हुई थी। इसी रिश्ते के चलते दोनों की अक्सर मुलाकात होती थी और इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए।

परिजनों के मुताबिक, हाल ही में प्रिया की शादी कहीं और तय कर दी गई थी। इसकी जानकारी मिलने के बाद विकास नाराज था। बताया जा रहा है कि सोमवार रात दोनों होटल पहुंचे थे। पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

एक ही कमरे में मिले दोनों के शव

पुलिस के मुताबिक, होटल के एक ही कमरे से दोनों के शव बरामद हुए। युवती का शव बाथरूम में पड़ा था और उसके गले पर किसी धारदार हथियार से कटे का निशान था। काफी खून बहने की वजह से उसकी मौत होने की आशंका जताई जा रही है।

वहीं युवक का शव कमरे में पंखे के कुंदे से लटका मिला। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

होटल कर्मचारियों के अनुसार, सोमवार रात दोनों होटल पहुंचे थे। विकास ने प्रिया को अपनी रिश्तेदार बताकर कमरा बुक कराया था। कमरे में जाने के बाद काफी देर तक दोनों की कोई हलचल नहीं हुई तो होटल कर्मियों को शक हुआ। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस मौके पर पहुंची और कमरा खुलवाकर दोनों के शव बरामद किए। दोनों की आईडी के आधार पर उनकी पहचान की गई और परिजनों को घटना की जानकारी दी गई।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, होटल कमरा सील

घटना की सूचना के बाद पुलिस ने कमरे का पंचनामा कराया। फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने कमरे से घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने होटल के कमरे को सील कर दिया है और होटल कर्मचारियों से भी पूछताछ की गई है।

एडीसीपी गोमती जोन नृपेंद्र के मुताबिक, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस दोनों परिवारों से भी पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *