ओडिशा के क्योंझर जिले में आदिवासी समुदाय के लोगों से मारपीट और उनके पूजा स्थल में तोड़फोड़ के मामले में बजरंग दल के पांच कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी को लेकर विवाद बढ़ गया है। विश्व हिंदू परिषद ने गिरफ्तारियों को गैरकानूनी और पुलिस कार्रवाई को एकतरफा बताते हुए मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से मामले की समीक्षा की मांग की है।
Knews Desk – घासीपुरा पुलिस स्टेशन में दर्ज मामले के सिलसिले में बजरंग दल के पांच कार्यकर्ताओं को 10 नवंबर को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के मुताबिक, कथित घटना 23 अक्टूबर को हुई थी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
आदिवासी लोगों से मारपीट और पूजा स्थल में तोड़फोड़ का आरोप
पुलिस के अनुसार, बजरंग दल के कार्यकर्ताओं पर गोहत्या के आरोप को लेकर आदिवासी समुदाय के लोगों, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं, से मारपीट करने और उनके पूजा स्थल में तोड़फोड़ करने का आरोप है। पुलिस अधिकारी ने यह भी बताया कि बजरंग दल के कार्यकर्ताओं की शिकायत के बाद एक आदिवासी समूह के खिलाफ अलग से मामला दर्ज किया गया है।
विश्व हिंदू परिषद के प्रदेश अध्यक्ष प्रफुल्ल कुमार मिश्रा ने मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को लिखे पत्र में गिरफ्तारियों को गैरकानूनी और पुलिस कार्रवाई को एकतरफा एवं भेदभावपूर्ण बताया है। VHP का कहना है कि कुछ लोगों पर गोवध में शामिल होने का आरोप था और मौके पर मौजूद बजरंग दल के सदस्यों ने पुलिस अधिकारियों के सामने इसका विरोध किया था। VHP के मुताबिक, पुलिस के हस्तक्षेप के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता वहां से चले गए थे।
मिश्रा ने आरोप लगाया कि इसके बाद गोवध के आरोपियों ने बजरंग दल कार्यकर्ताओं पर हमला किया और कार्यकर्ताओं ने पुलिस के पास जाकर शिकायत दर्ज कराई। VHP ने आरोप लगाया कि उनकी शिकायत पर उचित कार्रवाई करने के बजाय कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया गया।
मुख्यमंत्री से निष्पक्ष समीक्षा और कार्रवाई की मांग
VHP ने मुख्यमंत्री से पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष और कानूनी समीक्षा कराने की मांग की है। संगठन ने संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कथित कदाचार, अधिकारों के दुरुपयोग या कर्तव्य में लापरवाही के मामले में विभागीय और कानूनी कार्रवाई की भी मांग की है।
घासीपुरा पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने VHP के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पुलिस ने खुद को बजरंग दल का कार्यकर्ता बताने वाले लोगों के पास से तलवार समेत कई हथियार बरामद किए हैं।
इसी बीच आदिवासी संगठनों के एक समूह ने 18 नवंबर को क्योंझर शहर में प्रदर्शन का आह्वान किया है। बीजू जनता दल के आदिवासी सेल के अध्यक्ष सुदाम मरांडी के नेतृत्व में पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने उस गांव का दौरा किया, जहां कथित हिंसा हुई थी और आदिवासी समुदाय के लोगों से मुलाकात की। मरांडी ने कहा कि ऐसे समय में जब मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी खुद आदिवासी समुदाय से आते हैं, आदिवासियों के पूजा स्थल पर हमला होना बेहद निंदनीय है।