टिहरी में दर्दनाक सड़क हादसा, बस के खाई में गिरने से 6 लोगों की मौत, 20 घायल

Tehri Garhwal Accident: उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में मंगलवार सुबह यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं।

Knews Desk- उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गुलर बाजार के पास एक पुल से यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 यात्री घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त बस में करीब 30 से 35 लोग सवार थे। मंगलवार सुबह बस गुलर बाजार के पास पहुंची, तभी वह अनियंत्रित हो गई और पुल के नीचे करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की ब्यासी और ढलवाला में तैनात टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस और एसडीआरएफ के जवानों ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। रेस्क्यू टीमों ने खाई से करीब 20 घायल यात्रियों को बाहर निकाला।

सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पतालों में इलाज के लिए भेजा गया है। पुलिस प्रशासन ने हादसे में छह लोगों की मौत की पुष्टि की है। घटनास्थल पर राहत और बचाव अभियान जारी है। टीमों की ओर से यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि खाई में कोई अन्य यात्री फंसा न रह गया हो।

उत्तराखंड में इससे पहले रुद्रप्रयाग जिले में भी एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। अगस्त्यमुनि विकासखंड की क्यूंजा घाटी में कंडारा सड़क पर सोमवार रात करीब नौ बजे बारातियों को लेकर जा रहा मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। इस हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हुए। घायलों में चार की हालत नाजुक बताई गई, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *