knews desk – कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ शुक्रवार को आधिकारिक रूप से लॉन्च हो गई। किताब के लॉन्च कार्यक्रम में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी मौजूद रहे। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार समेत कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।
‘Belonging: A Journey of Love’ सोनिया गांधी की पहली किताब और आत्मकथा है। इसमें उन्होंने अपनी निजी और राजनीतिक यात्रा के साथ गांधी परिवार के सदस्यों के साथ अपने रिश्तों और जीवन के कई महत्वपूर्ण पड़ावों के बारे में विस्तार से लिखा है।
किताब के आधिकारिक लॉन्च के बाद सोनिया गांधी ने कहा कि लोगों के प्यार से वह बेहद खुश हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि लोगों की ओर से प्रतिक्रिया मिलेगी, लेकिन जिस तरह का प्यार मिला, उससे वह बहुत खुश हैं।
सोनिया गांधी ने बताया कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने उन्हें किताब लिखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शुरुआत में किताब लिखना मुश्किल था, लेकिन लिखना शुरू करने के बाद यह उनके लिए एक अलग अनुभव बन गया। सोनिया गांधी ने कहा कि किताब लिखने की एक वजह यह भी थी कि उनकी सास, पति, बच्चों और उनके बारे में बहुत सी ऐसी बातें कही गईं, जो सच नहीं थीं।
सोनिया गांधी ने बताया कि उनके पास कभी डायरी नहीं रही, लेकिन उन्होंने कई नोट्स जरूर संभालकर रखे थे। उन्होंने किताब के शीर्षक ‘Belonging’ के बारे में कहा कि यह शब्द किताब में बार-बार आता है। उनके मुताबिक, यह किसी व्यक्ति या परिवार से जुड़ने और स्वीकार किए जाने की कोशिश को दर्शाता है। उन्होंने इसे भारत में शादी के बाद अपने पति के घर जाने वाली लड़कियों के अनुभव से भी जोड़ा।
राजीव गांधी के साथ अपने शुरुआती रिश्ते को याद करते हुए सोनिया गांधी ने कहा कि जब राजीव उनके पिता से बातचीत करने पहुंचे थे, तब वह काफी नर्वस थे। सोनिया ने बताया कि शादी के समय वह भारत में सिर्फ राजीव को जानती थीं। उन्होंने कहा कि वह राजीव के साथ इंडिया गेट पर आइसक्रीम खाने जाया करती थीं।
सोनिया गांधी ने इंदिरा गांधी के साथ अपने रिश्ते को लेकर भी कई व्यक्तिगत अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि शुरुआत में वह इंदिरा गांधी से डरती थीं। राजीव गांधी और संजय गांधी उन्हें मां कहते थे, लेकिन सोनिया को शुरुआत में ऐसा करने में हिचकिचाहट होती थी। उन्होंने कहा कि उन्हें लगता था कि उनकी सिर्फ एक मां हैं, जिन्होंने उन्हें जन्म दिया है। हालांकि, समय के साथ उनका रिश्ता बदलता गया।
किताब में राजीव गांधी की हत्या का जिक्र करना सोनिया गांधी के लिए सबसे मुश्किल हिस्सों में से एक रहा। उन्होंने बताया कि उनके लिए अपने पति और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या के बारे में लिखना बेहद कठिन था। राजीव गांधी की 21 मई 1991 को तमिल संगठन LTTE के आत्मघाती हमले में हत्या कर दी गई थी।
सोनिया गांधी ने कहा कि किताब लिखते समय उन्हें अपने जीवन के कई पुराने प्रसंग याद आए, जिनके बारे में उन्होंने वर्षों से नहीं सोचा था। उन्होंने बताया कि उनकी सास इंदिरा गांधी की हत्या और बाद में उनके पति राजीव गांधी की हत्या जैसे घटनाक्रम बेहद कठिन थे। उन्होंने कहा कि उन घटनाओं के दौरान वह सदमे, हैरानी और दुख में थीं, इसलिए कई चीजें उनकी यादों से धुंधली भी हो गई थीं।
सोनिया गांधी ने अपने जीवन के कुछ सरल और सुखद पलों का भी जिक्र किया। उन्होंने राजीव गांधी से पहली मुलाकात को याद करते हुए कहा कि उनके जीवन के कुछ बेहद आसान और खूबसूरत पल वे थे, जब वह पहली बार अपने पति से मिली थीं।
544 पन्नों की यह किताब हार्पर कॉलिन्स इंडिया ने प्रकाशित की है। इसमें सोनिया गांधी ने अपने जीवन और राजनीतिक सफर से जुड़े कई महत्वपूर्ण घटनाक्रमों को शामिल किया है। किताब में राजीव गांधी की हत्या, कैंसर से उनकी अपनी लड़ाई और 2004 में प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करने के फैसले जैसे मुद्दों का भी जिक्र किया गया है।
सोनिया गांधी की यह आत्मकथा उनके निजी जीवन, गांधी परिवार के साथ उनके रिश्तों और भारतीय राजनीति में उनके लंबे सफर को समझने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।