कुल्हड़ वाली चाय से गली क्रिकेट तक… विलियम-केट के भारत दौरे में क्या-क्या रहा खास?

ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और प्रिंसेस कैथरीन ने सोमवार को मुंबई में अपने तीन दिवसीय भारत दौरे की शुरुआत की। शाही दंपति ने मुंबई के स्ट्रीट कल्चर का अनुभव लिया और छात्रों के साथ गली क्रिकेट खेला। इस दौरान क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर भी उनके साथ मौजूद रहे। प्रिंस विलियम और प्रिंसेस कैथरीन ने शहर की मशहूर कटिंग चाय का भी स्वाद लिया, जिसे पारंपरिक मिट्टी के कुल्हड़ में परोसा गया।

शाही दंपति का पहला पड़ाव बैलार्ड एस्टेट स्थित एन मोरारजी रोड रहा। यह इलाका कॉलोनियल दौर की बलुआ पत्थर की इमारतों और छोटी बालकनियों के लिए जाना जाता है। पारंपरिक ढोल-ताशा के साथ उनका स्वागत किया गया। इसके बाद प्रिंस विलियम और प्रिंसेस कैथरीन एक बड़े बरगद के पेड़ के नीचे स्थित चाय की दुकान पर पहुंचे, जहां उन्हें आधा कप चाय यानी कटिंग चाय परोसी गई।

इस दौरान प्रिंस विलियम ने क्रिकेट में भी हाथ आजमाया। सफेद शर्ट, नेवी ब्लू हाफ-स्लीव जैकेट और काली ट्राउजर पहने प्रिंस विलियम ने करीब पांच गेंदों का सामना किया और पांचवीं गेंद पर बोल्ड हो गए। इसके बाद उन्होंने गेंदबाजी भी की और सचिन तेंदुलकर को आउट किया। तेंदुलकर ने गेंद को हवा में उछाला, जिसे कैच कर लिया गया।

प्रिंसेस कैथरीन ने भी क्रिकेट खेला। सफेद टॉप, ट्राउजर और हल्के हरे रंग की जैकेट पहने कैथरीन ने करीब दो ओवर बल्लेबाजी की। इसके बाद प्रिंस विलियम ने आठवीं गेंद पर उन्हें आउट कर दिया। इस कार्यक्रम में स्कूल की छात्राओं और गली क्रिकेट से जुड़े सदस्यों ने भी हिस्सा लिया।

वाशी स्थित अंजुमन इस्लाम के अब्दुल अजीम खटकटे स्कूल की 15 वर्षीय छात्रा सेहर खोकरा ने शाही दंपति के साथ क्रिकेट खेलने को अपने लिए सम्मान की बात बताया। हालांकि, उन्होंने कहा कि उनके लिए सबसे खास पल अपने आइडल सचिन तेंदुलकर को सामने से आइकॉनिक स्ट्रेट ड्राइव खेलते देखना था। सेहर ने तेंदुलकर का ऑटोग्राफ भी लिया।

कार्यक्रम में शामिल बच्चों ने शाही दंपति के व्यवहार की भी तारीफ की। बच्चों के मुताबिक, प्रिंस विलियम और प्रिंसेस कैथरीन ने किसी तरह का घमंड नहीं दिखाया और सभी से बातचीत की। गली क्रिकेट से जुड़े आनंद भाट ने बताया कि उन्होंने प्रिंसेस कैथरीन का शॉट पकड़ा था, जिसके बाद उन्होंने कैच के लिए उनकी तारीफ की।

इस कार्यक्रम की तैयारियों और इसमें शामिल होने वाले मेहमानों की जानकारी को काफी गोपनीय रखा गया था। कार्यक्रम में शामिल कई छात्रों को पहले यह जानकारी नहीं थी कि उनके बीच कौन आने वाला है। नागपाड़ा स्थित अंजुमन इस्लाम के बेगम शरीफा कलसेकर गर्ल्स इंग्लिश स्कूल की कक्षा 8 की छात्रा बतूल फातिमा शेख और उम्मे हानी ने बताया कि उनके शिक्षकों ने 16 नवंबर को एक कार्यक्रम की जानकारी दी थी और इच्छुक छात्रों से इसमें शामिल होने के लिए कहा था। दिवाली की छुट्टियों के कारण दोनों ने इसमें नाम दर्ज कराया, लेकिन उन्हें यह पता नहीं था कि कार्यक्रम में कौन आने वाला है।

शाही दंपति ने मुंबई में कटिंग चाय का भी आनंद लिया। कार्यक्रम स्थल से करीब 200 मीटर दूर चाय की दुकान चलाने वाले बेहरूलाल चौधरी और मनोज ठाकुर ने प्रिंस विलियम, प्रिंसेस कैथरीन और सचिन तेंदुलकर को कुल्हड़ वाली चाय परोसी। मनोज ठाकुर ने बताया कि उन्होंने पहली बार सचिन तेंदुलकर को इतने करीब से देखा। उनके मुताबिक, प्रिंसेस कैथरीन ने भी चाय की तारीफ की और इसे अच्छा बताया।

यह प्रिंस विलियम और प्रिंसेस कैथरीन की अप्रैल 2016 के बाद भारत की दूसरी आधिकारिक यात्रा है। तीन दिवसीय दौरे के दौरान शाही दंपति 18 नवंबर को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। इससे पहले 2016 में भारत यात्रा के दौरान भी दोनों की प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात हुई थी।

इस दौरे की प्रमुख गतिविधियों में अर्थशॉट प्राइज कार्यक्रम भी शामिल है। यह प्रिंस विलियम की ओर से शुरू किया गया एक पहल है, जिसका उद्देश्य जलवायु परिवर्तन से निपटने वाले समाधानों को बढ़ावा देना है। इस संस्करण के लिए पांच श्रेणियों में 15 क्लाइमेट सॉल्यूशन शॉर्टलिस्ट किए गए हैं, जिनमें 20 लोग शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *