KNEWS DESK- सर्दियों में सरसों के साग और सफेद मक्खन के साथ मक्के की रोटी का स्वाद हर किसी को पसंद आता है। लेकिन इसे बनाते समय अक्सर लोगों को परेशानी होती है। कभी आटा अच्छी तरह बंधता नहीं है, तो कभी रोटी तवे तक पहुंचने से पहले ही टूट जाती है। कई बार रोटी गोल नहीं बनती और पकने के बाद सख्त भी हो जाती है। हालांकि, मक्के की रोटी बनाने के लिए कुछ आसान बातों का ध्यान रखा जाए तो इसे घर पर आसानी से नरम, गोल और स्वादिष्ट बनाया जा सकता है।
मक्के का आटा गेहूं के आटे से अलग होता है, इसलिए इसे गूंथने और शेप देने का तरीका भी थोड़ा अलग रखना पड़ता है। सही आटा चुनने से लेकर पानी का तापमान और रोटी बनाने की तकनीक तक, हर छोटी बात इसका स्वाद और बनावट बेहतर करने में मदद करती है।
मक्के का आटा खरीदते समय रखें ध्यान
अच्छी मक्के की रोटी के लिए सबसे जरूरी है कि आटा ताजा हो। बहुत पुराना या ज्यादा सूखा मक्के का आटा इस्तेमाल करने पर आटा आसानी से बंधता नहीं है और रोटी में दरारें आने लगती हैं। इसलिए कोशिश करें कि रोटी बनाने के लिए ताजा और अच्छी क्वालिटी का मक्के का आटा इस्तेमाल करें। आटे में थोड़ी नमी होने से उसे गूंथना और शेप देना आसान रहता है।
गुनगुने पानी से तैयार करें आटा
मक्के के आटे में गेहूं की तरह ग्लूटेन नहीं होता, इसलिए इसे बांधना थोड़ा मुश्किल होता है। यही वजह है कि सामान्य पानी की जगह गुनगुने या हल्के गर्म पानी का इस्तेमाल करना बेहतर रहता है। एक बर्तन में मक्के का आटा लें और उसमें थोड़ा-थोड़ा करके पानी डालें। पानी डालते हुए आटे को हाथों से अच्छी तरह मिलाते रहें। एक साथ ज्यादा पानी डालने से आटा बहुत ढीला हो सकता है, इसलिए पानी धीरे-धीरे डालना जरूरी है। आटा इतना नरम होना चाहिए कि उससे आसानी से लोई बनाई जा सके।
आटा तैयार करने के बाद ज्यादा देर न करें
मक्के के आटे को गूंथने के बाद लंबे समय तक खुला छोड़ने से उसकी नमी कम हो सकती है। इससे आटा सूखने लगता है और रोटी बनाते समय उसमें दरारें पड़ने लगती हैं। इसलिए आटा गूंथने के तुरंत बाद रोटी बनाना शुरू करें। अगर किसी वजह से थोड़ी देर रखना हो तो आटे को गीले कपड़े से ढककर रखें। साथ ही, पूरी लोई एक साथ निकालने के बजाय जरूरत के अनुसार थोड़ा-थोड़ा आटा लेकर रोटी तैयार करें।
बेलने की जगह हथेलियों से दें शेप
मक्के की रोटी को बेलन से बेलना कई लोगों के लिए मुश्किल होता है। बेलते समय दबाव ज्यादा पड़ने पर रोटी टूट सकती है। ऐसे में हथेलियों से रोटी को आकार देना आसान तरीका है। इसके लिए साफ प्लास्टिक शीट, बटर पेपर या पॉलीथिन पर हल्का पानी लगाएं। आटे की लोई रखें और हाथों की मदद से धीरे-धीरे दबाते हुए गोल आकार दें। रोटी को बहुत पतला न करें। मोटाई संतुलित रखने से रोटी आसानी से पकती है और नरम भी रहती है।
रोटी में दरार आए तो अपनाएं ये तरीका
अगर मक्के की रोटी बार-बार टूट रही है तो आटा तैयार करते समय एक या दो चम्मच गेहूं का आटा मिलाया जा सकता है। इससे आटा थोड़ा बेहतर तरीके से बंधने लगता है और रोटी को संभालना आसान हो जाता है। हालांकि, अगर आप सिर्फ मक्के के आटे से ही रोटी बनाना चाहते हैं तो गेहूं का आटा मिलाना जरूरी नहीं है। ऐसे में गर्म पानी से आटा अच्छी तरह गूंथें और रोटी को हथेलियों से धीरे-धीरे आकार दें।
पकने के बाद घी या मक्खन लगाना न भूलें
मक्के की रोटी को ज्यादा स्वादिष्ट और नरम बनाने के लिए पकने के बाद उस पर थोड़ा देसी घी या सफेद मक्खन लगाया जा सकता है। इससे रोटी का स्वाद बढ़ जाता है और उसकी बनावट भी मुलायम रहती है।
अगर रोटियां पहले से बनाकर रखनी हों तो उन्हें खुले में रखने के बजाय साफ सूती कपड़े में लपेटकर किसी ढके हुए डिब्बे में रखें। इस तरह रोटियां लंबे समय तक नरम बनी रह सकती हैं और खाने के समय उनका स्वाद भी बेहतर रहता है।