अग्निवीरों के भविष्य पर CDS का बड़ा ऐलान, 6 साल बाद मिलेगी पक्की नौकरी

अग्निपथ योजना को लेकर अग्निवीरों के भविष्य पर चल रहा कंफ्यूजन अब दूर हो गया है। CDS जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने साफ किया है कि अग्निवीरों के लिए चार साल की सेवा के बाद स्थायी होने का विकल्प रहेगा और जो जवान उस चरण में चयनित नहीं होंगे, उन्हें आगे सेवा का मौका दिया जाएगा। उनके मुताबिक, चार साल के बाद या 6 साल के बाद सभी अग्निवीरों के पास स्थायी सेवा में जाने का अवसर होगा।

KNEWS DESK- CDS जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने अग्निपथ योजना में हालिया बदलावों को लेकर कहा कि इस योजना की शुरुआत के समय ही इसे समय-समय पर रिव्यू करने की बात कही गई थी। उन्होंने कहा कि योजना को चार साल पूरे होने के बाद इसकी समीक्षा की गई और विस्तृत रिव्यू तथा स्टडी के बाद बदलाव किए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह कहना गलत है कि अग्निपथ योजना को रिव्यू नहीं किया जाना था। CDS के मुताबिक, कोई भी व्यवस्था स्थायी नहीं होती और समय के साथ उसकी समीक्षा की जाती है। इसी प्रक्रिया के तहत अग्निपथ योजना में भी बदलाव किए गए हैं।

अग्निवीरों के स्थायी होने की प्रक्रिया को लेकर CDS ने कहा कि चार साल की सेवा पूरी करने के बाद 25 प्रतिशत अग्निवीरों का चयन किया जाएगा और वे परमानेंट रेगुलर सोल्जर बनेंगे। उनके अनुसार, इस चयन में उन जवानों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिन्होंने चार साल के दौरान बेहतर प्रदर्शन किया है।

CDS ने कहा कि अग्निपथ योजना के दौरान अग्निवीरों को मोटिवेटेड, प्रोफेशनल, फिजिकली फिट और टेक्नोलॉजी के लिहाज से सक्षम पाया गया। इसी वजह से 75 प्रतिशत अग्निवीरों को आगे दो साल की सेवा का मौका देने का फैसला किया गया है। उनके मुताबिक, इसके बाद इन सभी को रेगुलर किया जाएगा। उन्होंने अग्निवीरों के लिए इसे विन-विन सिचुएशन बताते हुए कहा कि सेना में भर्ती होने वाले जवान को यह स्पष्ट होना चाहिए कि वह चार साल के बाद स्थायी सेवा में जाएगा या फिर 6 साल की सेवा के बाद। CDS ने कहा कि दोनों ही परिस्थितियों में स्थायी सेवा का रास्ता खुला रहेगा। CDS ने यह भी स्पष्ट किया कि अगर कोई अग्निवीर खुद आगे सेवा नहीं करना चाहता है तो वह चार साल के बाद भी बाहर जा सकता है और 6 साल के बाद भी। उनके मुताबिक, अग्निवीरों के लिए यह व्यवस्था सभी के हित में है।

इस बयान के बाद अग्निपथ योजना के तहत भर्ती होने वाले युवाओं के बीच स्थायी सेवा को लेकर चल रहा कंफ्यूजन काफी हद तक दूर होने की उम्मीद है। अब चार साल की सेवा के बाद चयनित होने वाले 25 प्रतिशत अग्निवीरों के साथ-साथ आगे सेवा के लिए चुने गए 75 प्रतिशत अग्निवीरों के भविष्य को लेकर भी तस्वीर स्पष्ट की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *