Oppo की नई Reno 17 सीरीज लॉन्च से पहले ही स्मार्टफोन मार्केट में सुर्खियां बटोर रही है। Google पर इस सीरीज को लेकर लोगों की दिलचस्पी तेजी से बढ़ी है। बीते 24 घंटे से ज्यादा समय में Reno 17 सीरीज की सर्चिंग में करीब 180 फीसदी तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि पिछले सप्ताह की तुलना में यह आंकड़ा 450 फीसदी तक पहुंच गया है। इस बढ़ती दिलचस्पी की बड़ी वजह चीन में होने वाला Oppo का लॉन्च इवेंट बताया जा रहा है। Oppo 16 नवंबर 2026 को चीन में स्थानीय समय के अनुसार शाम 7 बजे अपनी नई Reno 17 सीरीज से पर्दा उठाने जा रही है। लॉन्च से पहले ही भारतीय स्मार्टफोन यूजर्स के बीच भी इस सीरीज को लेकर काफी उत्सुकता देखने को मिल रही है।
KNEWS DESK- Oppo की Reno सीरीज को खासतौर पर कैमरा क्षमता और प्रीमियम डिजाइन के लिए जाना जाता है। Reno 17 सीरीज में कंपनी इस बार कैमरा के साथ-साथ बैटरी पर भी बड़ा फोकस करती नजर आ रही है। लीक्स रिपोर्ट्स और कंपनी की ओर से जारी किए गए टीजर के मुताबिक, सीरीज में Reno 17 और Reno 17 Pro दो स्मार्टफोन पेश किए जा सकते हैं।

इस सीरीज की सबसे ज्यादा चर्चा इसकी बड़ी बैटरी को लेकर है। रिपोर्ट्स के अनुसार, स्टैंडर्ड Reno 17 में 8000mAh तक की बैटरी दी जा सकती है, जबकि Reno 17 Pro में 7200mAh की बैटरी मिलने की संभावना है। खास बात यह है कि इतनी बड़ी बैटरी क्षमता के बावजूद दोनों फोन का डिजाइन स्लिम रखने की बात सामने आई है। दोनों मॉडल में 80W SuperVOOC फास्ट चार्जिंग सपोर्ट मिलने की उम्मीद है।
कैमरा के मामले में Reno 17 Pro सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र बन सकता है। कंपनी की ओर से बताया गया है कि इस मॉडल में 200MP का प्राइमरी कैमरा मिलेगा। इसके अलावा 50MP अल्ट्रा वाइड कैमरा और 3.5x ऑप्टिकल जूम वाला 50MP पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा भी दिया जा सकता है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए 50MP का फ्रंट कैमरा मिलने की उम्मीद है।
कंपनी फोटोग्राफी एक्सपीरियंस को बेहतर बनाने के लिए कुछ नए सॉफ्टवेयर फीचर्स भी पेश कर सकती है। इनमें 6 सेकंड तक मोशन फोटो रिकॉर्ड करने का विकल्प शामिल होने की बात कही जा रही है।
डिस्प्ले और प्रोसेसर के मामले में भी Reno 17 और Reno 17 Pro में अंतर देखने को मिल सकता है। रिपोर्ट्स के अनुसार, Reno 17 में 6.57 इंच की 1.5K फ्लैट OLED स्क्रीन के साथ Snapdragon 7 Gen 4 प्रोसेसर दिया जा सकता है। वहीं, Reno 17 Pro में 6.32 इंच का 1.5K AMOLED डिस्प्ले और MediaTek Dimensity 8550 Super चिपसेट मिलने की संभावना है।
डिजाइन के लिहाज से भी Oppo इस सीरीज को कई नए रंगों में पेश कर सकती है। इसमें First Snow White, Ice Moon White और Cocoa Brown जैसे कलर ऑप्शन शामिल होने की चर्चा है। इसके अलावा Encounter Cat एडिशन भी सामने आ सकता है, जिसमें फोन के रियर पैनल पर 3D कैट ग्राफिक देखने को मिल सकता है।
भारत में Oppo Reno 17 सीरीज के लॉन्च को लेकर अभी कंपनी की ओर से आधिकारिक तारीख और कीमत की घोषणा नहीं की गई है। हालांकि, रिपोर्ट्स के मुताबिक इसे दिसंबर 2026 से जनवरी 2027 की शुरुआत के बीच भारतीय बाजार में उतारा जा सकता है। लीक्स के अनुसार, स्टैंडर्ड मॉडल की कीमत 50,000 से 70,000 रुपये के बीच हो सकती है।
फिलहाल भारतीय ग्राहकों को इस सीरीज की आधिकारिक लॉन्चिंग का इंतजार करना होगा। लॉन्च के बाद ही फोन की कीमत, उपलब्धता और फीचर्स को लेकर पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।