उत्तराखंड डेस्क रिपोर्ट, उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही प्रदेश का सियासी पारा चढ़ने लगा है। सत्ता में वापसी की कोशिश हो या फिर सत्ता बरकरार रखने की चुनौती, सभी राजनीतिक दल अपनी-अपनी रणनीति के साथ चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं। कहीं संगठनात्मक बैठकों का दौर चल रहा है, तो कहीं जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की कवायद तेज हो गई है। इसी के साथ पक्ष और विपक्ष के नेताओं के बीच जुबानी जंग भी लगातार तेज होती दिखाई दे रही है। लेकिन अब यह सियासी टकराव केवल बयानों, सोशल मीडिया और पत्रों तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि सार्वजनिक मंचों पर भी खुलकर सामने आने लगा है। ताजा मामला सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का है,जहां मेले के उद्घाटन समारोह में ऐसा हंगामा हुआ, जिसने पूरे प्रदेश की सियासत को गरमा दिया है। शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मेले का उद्घाटन करने पहुंचे थे। कार्यक्रम में विकास योजनाओं की सौगात और मेले के भव्य शुभारंभ के बीच उस वक्त विवाद खड़ा हो गया,जब स्थानीय कांग्रेस विधायक हरीश धामी को मंच से संबोधित करने का अवसर नहीं मिला। दरअसल, विधायक जब अपनी बात रख रहे थे, तभी उनका माइक बंद कर दिया गया। इससे नाराज विधायक का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने मंच से माइक नीचे फेंक दिया। इसके बाद मामला और बिगड़ गया, विधायक के समर्थकों ने भी हंगामा करते हुए मंच पर तोड़फोड़ शुरू कर दी। देखते ही देखते कार्यक्रम स्थल पर गर्मागर्मी का माहौल बन गया। अधिकारियों और विधायक के बीच तीखी बहस हुई और बात गाली गलौज तक पहुंच गई। मेले में मौजूद लोगों को भी अव्यवस्था का सामना करना पड़ा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही मामला राजनीतिक बहस का विषय बन गया।जौलजीबी मेले के मंच पर तोड़फोड़ करने पर कांग्रेस विधायक हरीश धामी समेत 6 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है.इस सबके बाद सत्ता पक्ष भाजपा ने इस घटना की निंदा की है तो वहीं कांग्रेस ने जायज़ बताया है। जिसके चलते राजनीतिक दलों बीच आरोप प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो गया है।
जौलजीबी मेले में हुए हंगामे ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। पिथौरागढ़ के ऐतिहासिक जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह में कांग्रेस विधायक हरीश धामी के भाषण के दौरान अचानक माइक बंद हो गया। इससे नाराज विधायक ने मंच पर ही माइक नीचे फेंक दिया। देखते ही देखते उनके समर्थक भी मंच पर पहुंच गए और कुर्सियों व माइक स्टैंड में तोड़फोड़ शुरू कर दी। दरअसल, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मेले का उद्घाटन करने के बाद कार्यक्रम स्थल से जा चुके थे। इसके बाद भाषण दे रहे हरीश धामी ने आरोप लगाया कि क्षेत्रीय विधायक और मेला अध्यक्ष होने के बावजूद उन्हें अपनी बात रखने का पर्याप्त मौका नहीं दिया गया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को धारचूला विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की चुनौती भी दे डाली। घटना के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए इसे लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ बताया। उन्होंने कहा कि यह केवल विधायक नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता का भी अपमान है। वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए इस तरह के व्यवहार को अराजकता और अमर्यादित आचरण बताया। उधर, मामले में विधायक हरीश धामी समेत छह लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है।जिसके बाद अब यह विवाद राजनीतिक आरोप प्रत्यारोप के साथ कानूनी मोड़ भी ले चुका है और राजनीति भी जमकर हो रही है।
कुल मिलाकर, पिथौरागढ़ के अंतरराष्ट्रीय जौलजीबी मेले का यह विवाद अब राजनीतिक प्रतिष्ठा की लड़ाई बनता दिखाई दे रहा है। एक तरफ कांग्रेस विधायक हरीश धामी के व्यवहार और मंच पर हुए हंगामे को लेकर सवाल उठ रहे हैं, तो दूसरी तरफ जनप्रतिनिधियों को सार्वजनिक कार्यक्रमों में उचित सम्मान और बोलने का अवसर दिए जाने की जिम्मेदारी भी चर्चा में है। सवाल यह भी है कि क्या किसी जनप्रतिनिधि की नाराजगी जताने का तरीका इस तरह का होना चाहिए, जिससे एक सांस्कृतिक आयोजन की गरिमा प्रभावित हो। वहां क्या आयोजकों और प्रशासन को भी प्रोटोकॉल के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों के सम्मान का ध्यान नहीं रखना चाहिए। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले इस घटना ने सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों को एक दूसरे पर निशाना साधने का मौका दे दिया है। अब देखना होगा कि यह विवाद आने वाले दिनों में कितना तूल पकड़ता है और इसका राजनीतिक असर किस तरफ दिखाई देता है।