पटना में छठ के बीच बड़ा हादसा, गंगा में डूबे चार युवक; एक बचा, तीन की तलाश जारी

पटना के दीदारगंज थाना क्षेत्र स्थित मिर्जापुर घाट पर छठ महापर्व के दौरान रविवार को बड़ा हादसा हो गया। गंगा नदी में स्नान करने और अर्घ्य देने पहुंचे चार युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि तीन युवक लापता हैं। SDRF और स्थानीय गोताखोरों की टीमें लगातार नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।

Knews Desk – छठ महापर्व के दौरान रविवार को मिर्जापुर घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। इसी दौरान चार युवक गंगा में स्नान करने के लिए उतरे। बताया जा रहा है कि नहाते समय वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। युवकों को डूबता देखकर घाट पर मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई।

घटना के बाद स्थानीय लोगों और गोताखोरों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन तीन युवकों का पता नहीं चल सका।

आशु, आदित्य और सूरज लापता

लापता युवकों की पहचान आशु, पिता सोनू शर्मा, आदित्य, पिता सुधीर शर्मा और सूरज, पिता विजय शर्मा के रूप में हुई है। तीनों की तलाश के लिए स्थानीय गोताखोरों के साथ SDRF की टीम को भी लगाया गया है।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रशासन की निगरानी में नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

हादसे की खबर मिलते ही लापता युवकों के परिजन घाट पर पहुंच गए। अपनों की तलाश में परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। छठ जैसे आस्था और उल्लास के पर्व के बीच हुए इस हादसे से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। घाट पर बड़ी संख्या में लोग भी जमा हो गए।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से नदी में स्नान करते समय सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है। लोगों से निर्धारित सीमा से आगे नहीं जाने और गहरे पानी में उतरने से बचने को कहा गया है। खासकर भीड़भाड़ वाले छठ घाटों पर सावधानी बरतने की अपील की गई है। फिलहाल तीनों लापता युवकों की तलाश जारी है और परिजन उनके सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *