उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर के प्रतिबंधित क्षेत्र में रील बनाने के मामले में मंदिर प्रबंधन समिति ने सख्त कार्रवाई की है। इंदौर से बीजेपी विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला पर एक साल तक प्रोटोकॉल और VIP दर्शन की सुविधा पर रोक लगा दी गई है।
Knews Desk – रुद्राक्ष शुक्ला को अब अगले एक साल तक महाकाल मंदिर में VIP गेट से प्रवेश नहीं मिलेगा और उन्हें आम श्रद्धालुओं की तरह लाइन में लगकर सामान्य दर्शन करने होंगे। मंदिर प्रशासक की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किया गया है।
प्रतिबंधित क्षेत्र में बनाई थी रील
कुछ दिन पहले रुद्राक्ष शुक्ला का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में वह महाकाल मंदिर के प्रतिबंधित क्षेत्र में मोबाइल से रील बनाते नजर आए थे। वीडियो में वह नीलकंठ द्वार से अंदर प्रवेश करते दिखाई दे रहे हैं। गेट पर पहुंचने के बाद उनके लिए ई-कार्ट आती है और इसके बाद वह मोबाइल से रील बनाते हुए आगे बढ़ते हैं।
बताया गया कि मंदिर के बाहर से लेकर चांदी द्वार तक रील बनाई गई थी, जबकि यह मंदिर का प्रतिबंधित क्षेत्र है। इस दौरान वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोक नहीं था। रुद्राक्ष ने यह वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया था, जिसके वायरल होने के बाद मामले को लेकर विवाद शुरू हुआ।
रील वायरल होने के बाद श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने रुद्राक्ष शुक्ला के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक साल तक प्रोटोकॉल और VIP दर्शन की सुविधा पर रोक लगा दी। अब इस अवधि में उन्हें विशेष प्रोटोकॉल सुविधा नहीं मिलेगी और सामान्य श्रद्धालुओं की तरह ही दर्शन करना होगा।
इससे पहले शुक्रवार को मंदिर समिति ने लापरवाही बरतने के मामले में संबंधित सुरक्षाकर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई की थी। वहीं रुद्राक्ष की रील वायरल होने के बाद विपक्ष की ओर से भी मामले पर नाराजगी जताई गई थी।