Bigg Boss 20: कनिका मान पर भड़के सलमान खान, बोले- ‘मेरे सामने आवाज ऊंची मत करना’, फिर मंगवाई कुर्सी

कलर्स टीवी और जियो हॉटस्टार के रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में इस हफ्ते का ‘वीकेंड का वार’ काफी हंगामेदार रहा। लंबे समय बाद होस्ट सलमान खान एक बार फिर बेहद गुस्से में नजर आए और इस बार उनके निशाने पर टीवी एक्ट्रेस कनिका मान रहीं। स्काउट ओपी और लव गिल से जुड़े विवाद में कनिका के कथित दोहरे रवैये को लेकर सलमान ने उन्हें जमकर फटकार लगाई। बात उस वक्त और बढ़ गई जब कनिका ने सलमान के सामने ऊंची आवाज में अपनी बात रखनी शुरू कर दी।

कनिका के रवैये पर उठे सवाल

मामले की शुरुआत तब हुई जब वीकेंड का वार में काजी तौकीर ने कनिका मान के रवैये पर सवाल उठाया। दरअसल, कुछ समय पहले काजी ने कनिका पर ‘लॉलीपॉप’ वाला कमेंट किया था, जिस पर कनिका ने काफी आपत्ति जताई थी। लेकिन जब स्काउट ओपी ने लव गिल को लेकर बेहद भद्दा ‘नाड़े’ वाला कमेंट किया, तब कनिका वहां मौजूद थीं और उन्होंने स्काउट को रोकने के बजाय कथित तौर पर हंसना पसंद किया।

काजी और आम्रपाली दुबे ने जब इसी बात को वीकेंड का वार में उठाया तो कनिका भड़क गईं। वह सलमान खान के सामने ही अपनी बात रखते हुए ऊंची आवाज में बहस करने लगीं। सलमान ने काजी की बात का समर्थन किया और कनिका को अपनी आवाज धीमी रखने के लिए कहा।

सलमान ने सख्त लहजे में कनिका से कहा, “कनिका, मेरे सामने आवाज ऊंची मत करना। यहां तो बिल्कुल भी नहीं। मैं भी ऐसा कर सकता हूं।”

सलमान के सामने कनिका ने किया पलटवार

सलमान की बात पर कनिका ने तंज भरे अंदाज में कहा, “आई एम सॉरी सर, फॉर यू सर, फॉर यू आई एम सॉरी।” कनिका का यह अंदाज सलमान को पसंद नहीं आया। उन्होंने तुरंत जवाब देते हुए कहा, “आई एम सॉरी फॉर यू मैन। तुम्हारी जो पिच है अभी, ये सरकाज्म अपने पास रखो।”

इसके बाद माहौल और ज्यादा गरमा गया। कनिका के रवैये को लेकर सलमान ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन मामला यहीं खत्म नहीं हुआ।

सलमान ने मंगवाई कुर्सी

शो के आने वाले एपिसोड के प्रोमो में सलमान खान एक बार फिर कनिका मान को इसी मुद्दे पर घेरते नजर आ रहे हैं। सलमान कनिका से पूछते हैं कि जब ‘नाड़े’ वाली बात हुई थी, तब वह वहां मौजूद थीं और हंस रही थीं।

कनिका अपना बचाव करते हुए कहती हैं, “सब हंस रहे थे।” इस पर सलमान भड़क जाते हैं और पूछते हैं, “बहुत ज्यादा स्मार्ट समझ रही हो आप अपने आपको?”

कनिका सफाई देते हुए कहती हैं कि उन्हें उस वक्त अचानक एहसास नहीं हुआ कि क्या हुआ। सलमान इस पर सवाल करते हैं कि अगर उन्हें एहसास नहीं हुआ तो काजी को कैसे हुआ।

जब कनिका यह कहती हैं कि उस वक्त लव खुद भी हंस रही थी, तो सलमान का गुस्सा और बढ़ जाता है। वह कनिका को फटकारते हुए कहते हैं, “आप ट्यूबलाइट हो? बेवकूफ (डम्ब) हो? मुझसे बहस करना चाहती हो? मैं तुम्हारे भले के लिए कुछ कह रहा हूं और तुम जस्टिफाई करना चाहती हो? चलो जस्टिफाई करो… कुर्सी लाओ!”

अब देखना दिलचस्प होगा कि सलमान खान की इस कड़ी फटकार के बाद कनिका मान के गेम पर क्या असर पड़ता है और घर के बाकी सदस्य इस पूरे विवाद पर किस तरह प्रतिक्रिया देते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *