उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह के दौरान कांग्रेस विधायक हरीश सिंह धामी के हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। आरोप है कि माइक बंद किए जाने से नाराज विधायक ने माइक और कुर्सियां फेंकीं तथा साउंड सिस्टम से जुड़े कर्मचारियों के साथ तीखी झड़प की। घटना के बाद बीजेपी ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है।
Knews Desk – भारत-नेपाल सीमा पर आयोजित ऐतिहासिक जौलजीबी मेले में शनिवार 14 नवंबर को उद्घाटन समारोह के दौरान हंगामा हुआ। धारचूला विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक हरीश सिंह धामी कार्यक्रम में मौजूद थे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी वाला मुख्य कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सीएम वहां से चले गए।
इसके बाद कांग्रेस विधायक अपने समर्थकों के साथ मंच पर पहुंचे। विधायक का आरोप है कि उन्हें मेले में अध्यक्षता की जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन उनका माइक बंद कर दिया गया और उन्हें बोलने का मौका नहीं दिया गया। इसी बात को लेकर वह नाराज हो गए।
माइक और कुर्सियां फेंकने का आरोप
वायरल वीडियो में विधायक हरीश धामी के हंगामे का दृश्य दिखाई दे रहा है। आरोप है कि उन्होंने माइक फेंक दिया और कुर्सियां भी उठाकर फेंकीं। इस दौरान साउंड सिस्टम से जुड़े कर्मचारियों के साथ उनकी तीखी झड़प हुई।
रिपोर्ट के मुताबिक, विधायक ने साउंड ऑपरेटर के साथ मारपीट की कोशिश भी की। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति को संभालने की कोशिश की। विधायक के समर्थकों के भी हंगामे में शामिल होने की बात कही गई है।
सीएम पुष्कर सिंह धामी को चुनाव लड़ने की चुनौती
हंगामे के दौरान कांग्रेस विधायक ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर भी निशाना साधा। उन्होंने सीएम धामी को डरपोक और भगोड़ा बताते हुए धारचूला विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की चुनौती दी।
हरीश धामी ने आरोप लगाया कि सरकार साल 2022 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में किए गए वादों को पूरा करने में विफल रही है।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद बीजेपी ने कांग्रेस विधायक पर तीखा हमला बोला। बीजेपी ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए आरोप लगाया कि सत्ता के भूखे कांग्रेसी गुंडागर्दी पर उतर आए हैं।
बीजेपी ने कहा कि मंच से जनता के सामने गाली देना, माइक फेंकना और अपशब्द बोलना कांग्रेस विधायक के व्यवहार का सबूत है। पार्टी ने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और समय आने पर जनता इसका उचित जवाब देगी।