हैदराबाद के ‘भारत समिट’ पर बीजेपी का पलटवार, राहुल गांधी पर लोकतंत्र को बदनाम करने का आरोप

कांग्रेस के हैदराबाद में आयोजित ‘भारत समिट 2026’ को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच सियासी टकराव तेज हो गया है। बीजेपी नेता सीआर केसवन ने समिट को ‘भारत बदनाम समिट’ करार देते हुए राहुल गांधी पर विदेशी प्रतिनिधियों के सामने भारत और उसकी लोकतांत्रिक संस्थाओं को बदनाम करने का आरोप लगाया। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार ने भी कार्यक्रम को ‘एंटी-इंडिया’ बताते हुए राहुल गांधी के बयानों पर सवाल उठाए।

Knews Desk – कांग्रेस की ओर से हैदराबाद में 13 और 14 नवंबर 2026 को ‘भारत समिट 2026’ का आयोजन किया गया था। इसमें तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के साथ करीब 70 देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए। समिट के आखिरी सेशन को कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने संबोधित किया।

समिट को लेकर बीजेपी नेता सीआर केसवन ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कार्यक्रम को ‘भारत बदनाम समिट’ बताते हुए आरोप लगाया कि राहुल गांधी और कांग्रेस के अन्य नेताओं ने इस मंच का इस्तेमाल भारत और उसकी लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ बोलने के लिए किया।

विदेशी प्रतिनिधियों को लेकर भी उठाए सवाल

सीआर केसवन ने समिट में शामिल विदेशी प्रतिनिधियों की पृष्ठभूमि को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कांग्रेस से इन प्रतिनिधियों के बैकग्राउंड और अमेरिकी अरबपति जॉर्ज सोरोस से जुड़े या उनके द्वारा फंड किए जाने वाले संगठनों के साथ उनके कथित संबंधों को लेकर सार्वजनिक स्पष्टीकरण देने की मांग की।

केसवन ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने विदेशी प्रतिनिधियों के सामने भारतीय लोकतांत्रिक प्रक्रिया को बदनाम किया और भारत के आंतरिक मामलों में विदेशी हस्तक्षेप की मांग जैसा रुख अपनाया। उन्होंने यह भी दावा किया कि विदेशी ताकतों की मदद से भारतीय लोकतंत्र को अस्थिर करने की कोशिश का एजेंडा विफल होगा।

बंदी संजय कुमार ने भी साधा निशाना

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार ने भी भारत समिट और राहुल गांधी के बयानों की आलोचना की। उन्होंने कार्यक्रम को पूरी तरह विफल और ‘एंटी-इंडिया समिट’ बताया।

बंदी संजय कुमार ने राहुल गांधी की लोकतंत्र को लेकर समझ पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस के इमरजेंसी काल और वंशवादी राजनीति का जिक्र किया। उन्होंने सवाल किया कि क्या लोकतंत्र का मतलब एक परिवार का दशकों तक देश पर शासन करना और पूरी पार्टी का एक परिवार के नियंत्रण में रहना है।

उन्होंने राहुल गांधी पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर घरेलू राजनीतिक मुद्दे उठाकर विदेशी प्रतिनिधियों के सामने भारत का अपमान करने का भी आरोप लगाया।

वोटर लिस्ट को लेकर राहुल गांधी ने उठाए सवाल

समिट में राहुल गांधी ने अपने संबोधन के दौरान 2014 के बाद भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था और चुनावी प्रक्रिया को लेकर कई आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि 2014 में भारत में लोकतंत्र खत्म हो गया और राजनीतिक व्यवस्था में बड़े पैमाने पर पैसा आया, जिससे चुनावी माहौल बदल गया।

राहुल गांधी ने वोटर लिस्ट में बदलाव और नए मतदाताओं को जोड़ने तथा नाम हटाने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। उन्होंने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव का उदाहरण देते हुए दावा किया कि तीन महीने के भीतर 70 लाख नए वोटर जुड़े और आरोप लगाया कि इन सभी ने बीजेपी को वोट दिया।

बंदी संजय कुमार ने राहुल गांधी के चुनावी खर्च और वोटर लिस्ट से जुड़े आरोपों पर सबूत पेश करने की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि अगर राहुल गांधी के पास 2014 के चुनावों में बड़े पैमाने पर खर्च को लेकर सबूत हैं, तो उन्हें चुनाव आयोग को सौंपना चाहिए और कानूनी लड़ाई के लिए अदालत का रुख करना चाहिए।

बीजेपी नेता ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि जब चुनावी नतीजे उसके पक्ष में नहीं आते हैं, तब पार्टी लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठाती है। वहीं, राहुल गांधी ने अपने भाषण में चुनावी प्रक्रिया, वोटर लिस्ट और राजनीतिक व्यवस्था को लेकर अपने आरोप दोहराए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *